Haryana News: हरियाणा में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला बरकरार है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्कूलों में डॉग स्क्वायड भेजा। हालांकि, वहां कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
इन स्कूलों को मिली धमकियां
पुलिस के मुताबिक, जिन चार स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल मिलने की सूचना है, उनमें कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-9बी, सेंट जॉन्स हाई स्कूल सेक्टर-26, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-26 और सेंट स्टीफंस स्कूल सेक्टर-45बी शामिल हैं।
सघन तलाशी अभियान चला
स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल सभी चारों स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी। बम जांच दल ने परिसर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी स्कूल भवन और आसपास के क्षेत्र की जांच की गई।
बरती जा रही सतर्कता
तलाशी अभियान के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी स्कूल में बम या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस धमकी वाला ईमेल भेजने वाली की तलाश कर रही है। ई-मेल किस जगह से भेजी गई और इसके पीछे कौन व्यक्ति या गिरोह है, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।
लगातार मिल रहीं धमकियां
स्कूलों को लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन धमकी की सूचना को पूरी गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच जारी है। पुलिस धमकी भेजने वाले की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।




