हरियाणा में स्वाइन फ्लू की दस्तक! NCR में सैकड़ों केस के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

On: August 26, 2026 5:43 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। एनसीआर क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के सैकड़ों मामले सामने आने की खबरों के बाद स्वास्थ्य विभाग बढ़ते खतरे को देखते हुए सिरसा स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और संभावित मरीजों के इलाज व बचाव के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सिरसा के नागरिक अस्पताल में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर इस स्पेशल वार्ड में तीन बेड की व्यवस्था की है, ताकि स्वाइन फ्लू के संदिग्ध या संक्रमित मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उचित उपचार दिया जा सके। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा।

सिरसा के नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ. पवन कुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। नागरिक अस्पताल में विशेष वार्ड तैयार कर लिया गया है और स्वास्थ्य कर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। सीएमओ ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से मिलते-जुलते लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत अपने नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर जांच करवाए। बुखार, खांसी, गले में खराश, जुकाम, सांस लेने में परेशानी और शरीर में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

डॉ. पवन कुमार ने कहा कि जांच के बाद यदि किसी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे तुरंत डॉक्टरों की सलाह के अनुसार इलाज शुरू करवाना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक की सलाह जरूर लें। उन्होंने आमजन से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और बीमार व्यक्तियों के संपर्क में सावधानी बरतने की भी अपील की है। खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को ढकना तथा हाथों की स्वच्छता बनाए रखना जरूरी बताया गया है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now