चंडीगढ़. पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की पेड़ से बांधकर जिंदा जला दिया गया. मंजीत कौर की घटना के 54 दिन बाद पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई. करीब दो महीने पहले कथित तौर पर मारपीट करने के बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया गया था. बीते शनिवार को बताया कि 28 वर्षीय कौर की 26 अगस्त को यहां स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में इलाज के दौरान मौत हो गई.
मां की शिकायत के अनुसार, मंजीत कौर को तीन जुलाई को उनके दो परिचितों शुभी और पिंडा ने सेक्टर-34 में शराब की एक दुकान के पास बुलाया और कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया. शिकायत में कहा गया है कि मंजीत को पंजाब के मोरिंडा ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई, पेड़ से बांधा गया और आग लगा दी गई. मंजीत के एक दोस्त ने मौके पर पहुंचकर कंबल की मदद से आग बुझाई और उन्हें मोरिंडा के एक अस्पताल ले गया. बाद में उन्हें मोहाली के मैक्स अस्पताल और फिर चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर ले जाया गया.
मंजीत कौर का पहले ही तलाक हो चुका था और वह सन्नी एंक्लेव में अलग रहती थी. उसकी मां कांता देवी और भाई पंचकूला के सेक्टर-19 में रहते हैं. मंजीत का पहले गर्भपात भी करवाया गया था और अभी वह सात सप्ताह की प्रेग्नेंट थी.
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पांच अगस्त को होश में आ गई थी, लेकिन मोहाली की खरड़ पुलिस को बयान दर्ज करने के लिए सूचना देने के बावजूद पुलिस वहां नहीं पहुंची. हालांकि, पुलिस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उसने परिवार को पूरा सहयोग दिया था. पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 140 (1) (अपहरण) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
चंडीगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र की डीएसपी गुरजीत कौर ने कहा कि मामले की जांच जारी है और हमलावरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस घटना के पीछे के लोगों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. साथ ही, कथित अपहरण से जुड़ी परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है. हत्या के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है. मंजीत कौर के इंस्टाग्राम पर करीब 1.46 लाख फॉलोअर थे. वह पंजाबी और हरियाणवी गानों पर वीडियो पोस्ट करती थीं. फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस ने हत्या और किडनैपिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चंडीगढ़ पुलिस की डीएसपी गुरजीत कौर इस पूरे मामले की जांच को संभाल रही हैं. News18 से बातचीत में उन्होंने बताया कि मंजीत कौर की माता की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलू सामने आए हैं और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. इस जांच में पंजाब पुलिस की भी मदद ली जा रही है.
मंजीत की मौत को लेकर अहम सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मंजीत कौर के साथ उस दिन क्या हुआ था? क्या वाकई उसे सेक्टर-34 से अगवा किया गया था? अगर किया गया तो उसे मोरिंडा की तरफ कौन लेकर गया? इस पूरी वारदात के पीछे कितने लोग शामिल थे? और आखिर मंजीत कौर को आग लगाने की वजह क्या थी? मंजीर कौर के पेट में किसका बच्चा था?
मनजीत का दावा-‘उसे पैसा और जिस्म दोनों चाहिए थे, मैंने दोनों दिए’
आरोप है कि 3 जुलाई की देर रात मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 इलाके से मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर जबरन गाड़ी में बैठाकर मोरिंडा की तरफ ले जाया गया. आरोप है कि रास्ते में मनजीत के साथ मारपीट की गई और मोरिंडा में उसे एक शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई. 26 अगस्त को उसकी मौत हो गई.मनजीत कौर की मौत के बाद उनका एक पुराना वीडियो इंटरव्यू सामने आया है. इसमें वह बेहद भावुक नजर आ रही हैं और कह रही हैं कि अब उन्हें किसी पर विश्वास नहीं रहा. इंटरव्यू में मनजीत ने किसी का नाम लिए बिना कहा था कि एक करीबी व्यक्ति को उनसे पैसा और जिस्म दोनों चाहिए थे और उन्होंने दोनों दिए, लेकिन अब उन्हें इस बात का पछतावा है. उन्होंने कहा था कि वह चाहती हैं कि सामने वाला एक बार बैठकर सारी बातें स्पष्ट करे और मामले को खत्म करे. मनजीत ने यह भी कहा था कि वह कई बार अकेले में रोती हैं और अब उनकी जिंदगी में प्यार का असर भी कम हो गया है.
‘मुझे पैसा नहीं, सुकून की जिंदगी चाहिए थी’
इंटरव्यू में मनजीत ने अपनी पुरानी जिंदगी के बारे में भी बात की थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें अब पैसा, पार्टियां या दिखावे की जिंदगी नहीं चाहिए. वह सिर्फ सुकून की जिंदगी जीना चाहती थीं. उन्होंने बताया था कि पहले क्लब जाने का शौक था, दोस्तों के साथ महंगी पार्टियां होती थीं और कई बार लाखों रुपये के बिल आते थे. लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि पैसे और सोशल लाइफ के साथ लोग उनकी जिंदगी में दखल देने लगे. इसके बाद उन्होंने खुद को काफी हद तक शांत कर लिया था.
मनजीत कौर सात महीने की गर्भवती थीं
बताया जा रहा है कि मंजीत कौर सात महीने की गर्भवती थी.हालांकि इस की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है. मनजीत की मां अभी तक मीडिया के सामने नहीं आई है और अभी तक कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है. गौर रहे कि यूट्यब पर मंजीत के 3.94 लाख सबस्क्राइबर्स हैं.











