Last Updated:
Crest IDFC Bank Fraud : चंडीगढ़ के CREST-IDFC बैंक फ्रॉड मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है. करीब 75.4 करोड़ रुपये के कथित फंड फ्रॉड मामले में जांच एजेंसी ने IFS अधिकारी और CREST के तत्कालीन CEO नवनीत श्रीवास्तव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. CBI का आरोप है कि सरकारी फंड का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया और इस पूरी रकम में से करीब 95 लाख रुपये एक कंपनी तक पहुंचे. यह मामला IDFC First Bank से जुड़े 504 करोड़ रुपये के बड़े बैंक फ्रॉड से भी जुड़ा हुआ है.
CREST-IDFC केस में CBI का एक्शन
चंडीगढ़: हरियाणा में चंडीगढ़ के CREST-IDFC बैंक फ्रॉड मामले में CBI ने तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. इनमें IFS अधिकारी और Chandigarh Renewable Energy and Science & Technology Promotion Society (CREST) के तत्कालीन CEO नवनीत श्रीवास्तव, M/s Vipam Consultancy Pvt. Ltd. और कंपनी के डायरेक्टर को आरोपी बनाया गया है. यह मामला करीब 75.4 करोड़ रुपये के कथित फंड फ्रॉड से जुड़ा है.
CBI के मुताबिक, CREST के फंड को IDFC First Bank के खातों से गलत तरीके से निकालने और उसका कथित तौर पर दुरुपयोग करने का मामला सामने आया था. जांच में आरोप है कि नवनीत श्रीवास्तव ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और सरकारी संस्था के फंड का दुरुपयोग किया.
कंपनी को मिले 95 लाख रुपये
जांच एजेंसी का आरोप है कि नवनीत श्रीवास्तव की पत्नी M/s Vipam Consultancy Pvt. Ltd. की डायरेक्टर हैं. CBI के मुताबिक, इस कंपनी को कथित फ्रॉड की रकम में से करीब 95 लाख रुपये मिले थे. आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल बाद में अचल संपत्ति खरीदने में किया गया.
मामले की जांच के दौरान CBI ने आरोपियों पर आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे आरोप लगाए हैं. फर्जी दस्तावेजों को असली के तौर पर इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं. इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत रिश्वतखोरी, आपराधिक कदाचार और भ्रष्टाचार के लिए उकसाने से जुड़े आरोप भी चार्जशीट में शामिल हैं. नवनीत श्रीवास्तव को CBI इस मामले में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
चंडीगढ़ प्रशासन से CBI ने टेकओवर किया था केस
यह मामला पहले चंडीगढ़ प्रशासन के पास था, जिसे बाद में CBI ने अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की. एजेंसी इससे पहले इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. अब तीन और आरोपियों के खिलाफ दाखिल की गई चार्जशीट इसी जांच की आगे की कार्रवाई का हिस्सा है.
₹504 करोड़ के बड़े बैंक फ्रॉड से भी कनेक्शन
CREST से जुड़ा यह मामला IDFC First Bank की चंडीगढ़ सेक्टर-32 ब्रांच से जुड़े एक बड़े बैंकिंग फ्रॉड से भी संबंधित है. CBI के मुताबिक, इस बड़े मामले में हरियाणा सरकार के करीब 504 करोड़ रुपये के फंड को आठ सरकारी विभागों और संस्थाओं से कथित तौर पर फर्जी और गैर-मौजूद FD और धोखाधड़ी वाले डेबिट ट्रांजैक्शन के जरिए निकाल लिया गया था.
हरियाणा से जुड़े इस मामले में CBI अब तक 37 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. इसके अलावा Smart City और Chandigarh Municipal Corporation से जुड़े एक अलग मामले में भी CBI ने करीब 78 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. CBI इन मामलों में पैसों के पूरे लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की आगे जांच कर रही है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें













