Haryana News: हरियाणा में नवाचार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक स्तर की कारोबारी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश की अनुकूल औद्योगिक नीतियों, कुशल मानव संसाधन और मजबूत कारोबारी वातावरण के चलते दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनियां हरियाणा को निवेश और अपने वैश्विक कार्यों के विस्तार के लिए प्राथमिकता दे रही हैं। इसी कड़ी में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने हरियाणा की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत सोमवार को गुरुग्राम के साइबर सिटी में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक (पीएफआई) के पहले इनोवेशन सेंटर इंडिया का उद्घाटन किया।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि करीब 150 वर्ष पुरानी प्रूडेंशियल फाइनेंशियल (पीएफआई), जोकि फॉर्च्यून-200 कंपनी है, के द्वारा भारत में अपना पहला इनोवेशन सेंटर स्थापित किया है और भारत में भी, गुरुग्राम में इस सेंटर का खुलना प्रदेश की बढ़ती वैश्विक पहचान और निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज दुनिया के प्रमुख ग्लोबल बिजनेस हब के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, परामर्श और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में यहां विकसित मजबूत कारोबारी एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र ने गुरुग्राम को दुनिया की अग्रणी कंपनियों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है। पीएफआई जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थान द्वारा यहां इनोवेशन सेंटर की स्थापना इस पहचान को और मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) नीति के तहत पीएफआई के इनोवेशन सेंटर इंडिया की शुरुआत प्रदेश में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते विश्वास को रेखांकित करती है। उन्होंने पीएफआई की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी। राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभा और कुशल कार्यबल की मजबूत उपलब्धता है, जो वैश्विक कंपनियों के लिए प्रदेश को एक आकर्षक गंतव्य बनाती है। उन्होंने कहा कि उनको मिले फीडबैक के तहत हरियाणा की जीसीसी नीति देश के विभिन्न राज्यों की अग्रणी नीतियों में शामिल है। यहां मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अन्य स्थानों की तुलना में अधिक है और इसके लाभ भी तेज गति से तथा बिना अनावश्यक अड़चनों के उपलब्ध कराए जाते हैं।
वैश्विक नवाचार और उच्च कौशल वाले कार्यों का केंद्र बना हरियाणा
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का विशेष जोर प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर की कंपनियों के साथ काम करने तथा आधुनिक तकनीक और नए कौशल में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर है। उन्होंने कहा कि पीएफआई इनोवेशन सेंटर इंडिया वित्त, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रौद्योगिकी और अन्य उभरते क्षेत्रों में नवाचार तथा उच्च कौशल आधारित कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राव ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि वैश्विक कंपनियों को निवेश, विस्तार, अनुसंधान और नवाचार के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इस प्रकार की निवेश-अनुकूल व्यवस्था वैश्विक कंपनियों के लिए हरियाणा को आकर्षक गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक. के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं प्रौद्योगिकी व परिचालन अधिकारी स्कॉट केस, कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्मिक एवं अनुभव अधिकारी विक्की वालिया, पीएफआई इनोवेशन सेंटर इंडिया के उपाध्यक्ष एवं भारत प्रमुख प्रवीण गोयल, मानव संसाधन प्रमुख उपासना निश्चल, मुख्य परिचालन अधिकारी (प्रौद्योगिकी एवं परिचालन) डैन स्टीफेंसन तथा उपाध्यक्ष, रणनीतिक पहल बिल सिडलोस्की तथा उद्योग विभाग हरियाणा के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











