Asian Games 2026: हरियाणा की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान, खेल मंत्री ने किया हौसला अफजाई

On: September 26, 2026 3:44 PM
Follow Us:

Haryana News: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच हरियाणा की बेटियां देश का मान बढ़ा रही हैं। हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों और विशेष रूप से हरियाणा की बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे से एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की जननी है।

खेल मंत्री ने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम में हरियाणा की छह बेटियों की मौजूदगी प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। बेटियां आज न केवल खेल के मैदान में बल्कि हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही हैं। कबड्डी टीम का यह प्रदर्शन टीमवर्क, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा के खिलाड़ी एशियन गेम्स से पदकों की बड़ी सौगात लेकर लौटेंगे।

गौरव गौतम ने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘मिशन ओलंपिक-2036’ के जरिए प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से तराशने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से देश में खेलों का एक मजबूत वातावरण तैयार हुआ है, जिसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है।

खेल मंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स से लौटने पर प्रदेश के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से खेलों को व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम बनाने की अपील की और कहा कि सरकार हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करती रहेगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now