Last Updated:
Faridabad News: टिंडर ऐप के जरिए लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. ये पहले टिंडर ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती करती थीं और फिर मिलने के बहाने होटल में बुलाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लेती थीं.
फरीदाबाद: जिले में डेटिंग ऐप टिंडर के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह में शामिल दो महिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं मां-बेटी हैं. ये पहले टिंडर ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती करती थीं और फिर मिलने के बहाने होटल में बुलाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लेती थीं. इतना ही नहीं, पीड़ितों को रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम भी वसूलती थीं.
फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच बड़खल ने इस शातिर मां-बेटी की जोड़ी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी टिंडर ऐप के जरिए ऐसे लोगों को निशाना बनाती थीं, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी दिखाई देती थी. पहले दोस्ती का झांसा देकर उनसे बातचीत शुरू की जाती थी और फिर मुलाकात के बहाने होटल में बुलाया जाता था.
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
होटल में मुलाकात के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ितों को नशीला पदार्थ पिलाया जाता था. इसके बाद उनके साथ लूटपाट कर दोनों मौके से फरार हो जाती थीं. वहीं, जिन लोगों को लूटपाट के अलावा अपने दूसरे जाल में फंसाया जाता था, उन्हें रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी. पुलिस के अनुसार, इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों द्वारा लोगों से पैसों की अवैध वसूली भी की जाती थी.
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय स्तर पर जुड़े होने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंडमान, सूरत और दिल्ली-एनसीआर में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं. फिलहाल क्राइम ब्रांच बड़खल की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और दूसरी वारदातों का खुलासा हो सके. फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डेटिंग और सोशल मीडिया ऐप के जरिए अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें. किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग, धमकी या अवैध वसूली होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.












