Haryana News: फरीदाबाद से दीवाली से एक दिन पहले शनिवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। सेक्टर 21सी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में सिंगापुर की एक निजी कंपनी में काम करने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोपी ने 15 गोलियां मारीं
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत धनखड़ पर करीब 15 गोलियां चलाईं, जिनमें से नौ उन्हें लगीं। धनखड़ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, धनखड़ का परिवार सेक्टर 21सी स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद था।
हत्या के बाद आरोपी फरार
शुक्रवार रात जब धनखड़ जिम से लौटे और उन्होंने शर्मा से अपनी निर्धारित पार्किंग की जगह पर खड़ी कार हटाने को कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। धनखड़ के बेटे शौर्य से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कारतूस के खोखे बरामद किए।
सिंगापुर से दीवाली पर आया परिवार
सिंगापुर में रहने वाले धनखड़ अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए पांच नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भतीजे की शादी में भी शामिल होना था। सूरजकुंड थाने के प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत के आधार पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।












