कई देशों को लांघकर गुरुग्राम आई 18 साल की बेटी, मां की जान बचाने के लिए दान किया अपने कलेजे का टुकड़ा

On: November 11, 2026 9:20 PM
Follow Us:

गुरुग्राम: कहते हैं एक मां अपने बच्चे के लिए दुनिया की कोई भी तकलीफ सह सकती है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम में एक निजी अस्पताल में एक बेटी ने अपनी मां के लिए कुछ ऐसा किया है, जो समाज के लिए एक बड़ी मिसाल बन गया है. उज्बेकिस्तान से भारत आई एक 18 साल युवती ने अपनी 38 साल मां की जान बचाने के लिए अपने ही लिवर का एक हिस्सा दान कर दिया.

उज्बेकिस्तान की रहने वाली 38 साल अवाज सादल्लाह पिछले काफी समय से ‘ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस’ नाम की लिवर संबंधी एक बेहद गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं. इस बीमारी ने उनके लिवर को लगभग पूरी तरह खराब कर दिया था और उनकी जान पर बन आई थी. उज्बेकिस्तान में जब इलाज की उम्मीदें खत्म होने लगीं, तो बेहतर और विशेष लिवर ट्रांसप्लांट (प्रतिरोपण) उपचार की तलाश में यह मां-बेटी मीलों का सफर तय करके भारत के गुरुग्राम पहुंचीं.

बेटी ने पेश की मिसाल, रोबोट की मदद से 10 घंटे चली सर्जरी
पारस हेल्थ गुरुग्राम अस्पताल में डॉक्टरों ने जब मां की नाजुक हालत देखी, तो तुरंत लिवर ट्रांसप्लांट की सलाह दी. ऐसे में 18 साल बेटी अविन हुनार ब्रालम ने एक पल की भी देरी किए बिना अपनी मां के लिए डोनर बनने की साहसिक पहल की. अस्पताल के समूह निदेशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गर्ग और निदेशक डॉ. वैभव कुमार के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ मेडिकल दल ने इस भारी चुनौती को स्वीकारा.
अस्पताल के एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि डॉक्टरों की टीम ने लिवर प्रतिरोपण के लिए रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल किया. रोबोट की सटीक मदद से दानदाता (बेटी) के शरीर से लिवर का एक हिस्सा बहुत ही सुरक्षित रूप से निकाला गया. यह जटिल सर्जरी लगातार 10 घंटे तक चली, जिसके बाद सफलतापूर्वक लिवर को मां के शरीर में प्रत्यारोपित कर दिया गया.

दो जिंदगियों की थी भारी जिम्मेदारी- डॉक्टरों ने कहा
इस ऐतिहासिक सर्जरी का नेतृत्व करने वाले डॉ. अंकुर गर्ग ने बताया, ‘एक डॉक्टर होने के नाते हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह होती है कि अंगदान करने वाले स्वस्थ व्यक्ति की सुरक्षा के साथ कभी कोई भी समझौता न किया जाए. लिवर ट्रांसप्लांट के मामलों में स्थिति ज्यादा संवेदनशील होती है, क्योंकि हमें एक ही समय में दो लोगों (डोनर और मरीज) की देखभाल करनी होती है. सर्जरी के दौरान लिए जाने वाले हर छोटे-बड़े निर्णय में इस भारी जिम्मेदारी का ध्यान रखना सबसे ज्यादा जरूरी होता है.’

लोगों के मन में डर बना रहता है
वहीं, मेडिकल टीम के अहम सदस्य डॉ. वैभव कुमार ने बताया कि जब कोई इतना युवा व्यक्ति अपने किसी प्रियजन की जान बचाने के लिए खुद इस तरह की बड़ी सर्जरी करवाता है, तो उसके मन में कई तरह की चिंताएं पैदा होती हैं. दर्द, ठीक होने में लगने वाला समय, अस्पताल में रुकने की लंबी अवधि और दोबारा सामान्य जीवन में लौटने को लेकर मरीज काफी मानसिक तनाव में रहता है.

तेजी से हुई रिकवरी, दोनों स्वस्थ होकर लौटीं घर
डॉ. वैभव ने आगे कहा, ‘मेडिकल टीम को मरीज की इन मानसिक चिंताओं पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए, जितना सर्जरी के तकनीकी और मेडिकल पहलुओं पर दिया जाता है. इस मामले में हमने ऐसा ही किया. अंगदान करने वाली इस बहादुर युवती की हालत में बहुत तेजी से सुधार देखने को मिला. वह जल्द ही अपने पैरों पर चलने-फिरने लगी.’

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि डोनर बेटी अविन हुनार ब्रालम पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद महज सात दिन बाद ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दी गई. वहीं, नई जिंदगी पाने वाली उनकी मां अवाज सादल्लाह ट्रांसप्लांट के 15 दिन बाद अस्पताल से छुट्टी पाकर वापस लौटने की स्थिति में आ गईं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

अब पलवल में भी दिखेगा भारत-श्रीलंका क्रिकेट का रोमांच, पहली बार अंडर-14 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आयोजन

रात की बची दाल फेंकने की जरूरत नहीं, सुबह बनाएं स्वादिष्ट और कुरकुरे पराठे

हरियाणा के गोहाना में शोरूम मैनेजर की हत्या, पहले गाड़ी को टक्कर मारी और फिर गोलियां से भूना

हरियाणाः BJP के पूर्व मंत्री कुलदीप बिश्नोई का नए घर में गृह प्रवेश, रणजीत चौटाला ने ‘बुर्ज खलीफा’ से की तुलना, राजस्थानी शैली में बना, कितना आया खर्च?

बॉडी पर कैमरा और हर 2 माह बाद तबादला, गुरुग्राम में अब पुलिस जवान नहीं मांग पाएंगे ‘दिवाली गिफ्ट’

फरीदाबाद में हैं और करनी है छठ की शॉपिंग, तो पहुंचे सेक्टर 3 मार्केट..यहां कम दाम में मिलेंगे सारे सामान