Haryana News: हरियाणा से रविवार को मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चंडीगढ़ के हलवारा गांव में इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार के बाद अधजले शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया। मृतक जगजीत सिंह (38) के परिजन ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने शव के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
घटनास्थल पर मिलीं संदिग्ध चीजें
घटनास्थल पर शराब, खून से सनी गुड़िया, तस्वीरें, दीपक और अन्य संदिग्ध वस्तुएं मिलने का भी दावा किया गया है। घटना से परिवार सदमे में है। जानकारी के मुताबिक, हलवारा निवासी जगजीत सिंह ने जहरीली दवा खाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद परिजनों ने सिख रीति-रिवाजों के अनुसार एयरपोर्ट रोड स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया था।
दृश्य देखकर चौंक गए परिजन
अगले दिन परिवार के सदस्य पुष्प अर्पित करने और श्रद्धांजलि देने पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। परिजनों के मुताबिक, अधजले शव को बाहर निकालकर क्षत-विक्षत किया गया था। मौके पर एक गुड़िया के गले में लोहे की जंजीर डालकर ताला लगाने और उसके खून से सने होने का भी दावा किया गया है।
मृतक की पत्नी ने दी शिकायत
इसके अलावा सब्जी-रोटी, शराब और अन्य संदिग्ध सामान मिला। मृतक की पत्नी कुलदीप कौर ने थाना सुधार के प्रभारी और एसएसपी लुधियाना ग्रामीण को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। परिवार के अनुसार, घटनास्थल से एक नामी फोटो स्टूडियो का लिफाफा भी मिला है। इसके आधार पर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी मिलने का दावा किया गया है।
आपसी रंजिश में की गई घटना
परिजनों ने आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है। एक महिला सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका पर भी संदेह व्यक्त किया है। परिवार ने कथित तंत्र-मंत्र गतिविधियों और कुछ तांत्रिकों व सांप रखने वाले जोगी बाबाओं की भूमिका की जांच की मांग की है। परिवार ने सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा की मदद से थाना सुधार में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













