Haryana News: रेवाड़ी में भीषण सड़क हादसा, कार पर पलटा चने से भरा ट्रॉला, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

On: November 16, 2026 7:44 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बावल इलाके में बनीपुर चौक के पास चने से भरा एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 5 साल का बच्चा घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह ट्रॉले के नीचे दब गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से ट्रॉले को हटाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बानपुर की आलू वाली भोलावास गांव के रहने वाले दीपक का परिवार लंबे समय से दिल्ली में रह रहा था। परिवार के सभी सदस्य कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव आए हुए थे। शनिवार को परिवार कार से वापस दिल्ली के द्वारका लौट रहा था।

रात करीब 11:30 बजे उनकी कार रेवाड़ी के बावल इलाके में बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची। इसी दौरान चने से भरा एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। भारी ट्रॉले के नीचे कार पूरी तरह दब गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

कार की खिड़कियां काटकर निकाले लोग

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते उसकी खिड़कियां तक काटनी पड़ीं। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और घायलों को बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब पांच साल का एक बच्चा घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

तेज रफ्तार ट्रक ने पहले दूसरी गाड़ी को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉला चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रॉले ने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या रही, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। बता दें कि इससे कुछ घंटे पहले ही हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर भी ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
 

हरियाणा के हिसार की बेटी दृष्टि मित्तल ने रचा इतिहास उत्तराख 2272 Also read: हरियाणा के हिसार की बेटी दृष्टि मित्तल ने रचा इतिहास, उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की तीसरी रैंक

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now