फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद के एक होटल में दिल्ली यूनिवर्सिटी) की 19 वर्षीय छात्रा का शव मिला है. युवती सोमवार से अपने पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ होटल में ठहरी हुई थी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, युवती घर से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी. मगर, देर रात तक घर नहीं लौटी. जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसी दौरान सराय थाना पुलिस ने उन्हें होटल रूम में शव पड़ा होने की सूचना दी.
परिवार मौके पर पहुंचा तो कमरे से चूहे मारने की दवा की शीशी, कॉलेज बैग और एक सुसाइड नोट मिला. उसके साथ रुका युवक गायब था. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया और युवक की तलाश में जुट गई. पुलिस ने युवती के परिवार से भी जानकारी ली.
कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी
युवती की पहचान अर्चना (19) के रूप में हुई है. वह गांव कुरैशीपुर की गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी और दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही थी. परिजनों के मुताबिक, अर्चना सोमवार सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी. सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे तक परिवार के सदस्यों से उसकी फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया.
परिवार ने मंगलवार सुबह दर्ज कराई गुमशुदगी
परिजनों ने संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. अर्चना का कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह परिजनों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी. इसके कुछ घंटे बाद पुलिस ने उन्हें एक युवती का शव ‘होटल जोया’ में मिलने की जानकारी दी. परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अर्चना के रूप में की.
होटल के कमरे में बेड पर बेहोश पड़ी मिली
सराय थाना पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची थी. होटल स्टाफ चेकिंग के लिए कमरे का दरवाजा खोलने पहुंचा तो युवती बेड पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली. उसके मुंह से झाग निकल रहे थे. पुलिस को आशंका है कि उसने चूहे मारने की दवा खाई थी. कमरे में एक शीशी भी बरामद हुई है.
साथ आया युवक गायब, सुसाइड नोट मिला
पुलिस के अनुसार, अर्चना विपिन यादव नाम के युवक के साथ सोमवार से होटल में ठहरी हुई थी. घटना के बाद से विपिन का कोई पता नहीं है. इसके अलावा कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. पुलिस पता कर रही है कि यह सुसाइड नोट अर्चना ने ही लिखा है या फिर किसी ने प्लांट किया है. घटनाक्रम की जानकारी के लिए पुलिस युवक विपिन की तलाश कर रही है. उधर, होटल स्टाफ ने बताया कि दोनों ने सोमवार सुबह 11 बजे के करीब चेक-इन किया था. दोनों ने अपने नाम की आईडी जमा कराई थी. युवक होटल से रात को ही निकल गया था, लेकिन इसका किसी को पता नहीं था.
युवक की भी जानकारी जुटाई जा रही
होटल स्टाफ ने मंगलवार को कमरा खाली करने के लिए कॉल किया. मगर किसी ने कॉल रिसीव नहीं की. इसके बाद स्टाफ ऊपर गया तो डोर बंद था और किसी ने कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. इस संबंध में थाना प्रभारी राकेश का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया है. घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है. कमरे में एक सुसाइड नोट और शीशी बरामद हुई है. कमरे में उसका कॉलेज का बैग भी मिला है. पता किया जा रहा है कि युवती ने खुद जहर खाया या उसे खिलाया गया. उसके साथ ठहरे युवक की भी जानकारी जुटाई जा रही है.









