खुले में सिगरेट फूंकी तो लगेगा जुर्माना, गुरुग्राम में लाइटर जलाने से पहले जानिए स्मोकिंग के नियम

On: November 26, 2026 4:46 AM
Follow Us:

साइबर सिटी गुरुग्राम को शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और तंबाकू के धुएं से मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने नगर निगम गुरुग्राम की सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को ‘नो स्मोकिंग जोन’ घोषित करने का आदेश जारी किया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. जारी आदेश के अनुसार, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA) तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है. इसी क्रम में नगर निगम ने शहर के सार्वजनिक स्थलों को नो स्मोकिंग जोन घोषित करते हुए धूम्रपान, तंबाकू सेवन और सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है. खुले में स्मोकिंग पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

इन सभी स्थानों पर लागू होगा नो स्मोकिंग जोन का नियम
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बाजार, बस स्टॉप, बस स्टैंड और सार्वजनिक परिवहन के साधन, सभी पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और खुले सार्वजनिक स्थान, जिनका स्वामित्व, रखरखाव या प्रबंधन नगर निगम द्वारा किया जाता है. इनमें शेड, गजिबो और अन्य कवर किए गए ढांचे भी शामिल हैं. सभी कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय परिसर आदि नो स्मोकिंग जोन में शामिल हैं. आदेश के अनुसार, इन स्थानों पर कोई भी व्यक्ति सिगरेट, बीड़ी, सिगार या किसी अन्य तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं कर सकेगा. इसके साथ ही सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर भी प्रतिबंध रहेगा.

नियमों का उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 21 के तहत 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. इसके अतिरिक्त, सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने तथा तंबाकू खाकर थूकने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 और नगर निगम के उपनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. किसी प्रतिष्ठान द्वारा बार-बार नियमों का उल्लंघन किए जाने पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत उसे उपद्रव के रूप में लेते हुए कार्रवाई की जाएगी.

15 दिनों में लगाए जाएंगे नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत नगर निगम के संयुक्त आयुक्तों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वच्छता एवं बागवानी शाखा) को अपने-अपने क्षेत्रों और पार्कों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. साथ ही, संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम नागरिकों को प्रतिबंध की जानकारी मिल सके.

स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ वातावरण और बेहतर गुरुग्राम का लक्ष्य
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इस पहल के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है. सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से निकलने वाला धुआं आसपास मौजूद लोगों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.

वहीं, सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी भी फैलती है. नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन से बचें, सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर ना फेंकें तथा शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

थकान और चक्कर आना हो सकता है एनीमिया का संकेत, डाइट में शामिल करें ये चीजें

आपदा के समय मददगार साबित होगा ये ड्रोन, 120 किमी तक उड़ान और 100 किलो तक वजन उठाने की है क्षमता, जाने

Astro Tips : लोन लेकर शुरू किया बिजनेस नहीं चल रहा? अपनाएं ये उपाय, ज्योतिषी ने बताई कर्ज मुक्ति की ट्रिक

500 मेहमानों के लिए शादी का खाना तैयार करवाने में कितना आएगा खर्च? फरीदाबाद के हलवाई जितेंद्र से जानिए

मां को गाते देख जागा जुनून, अब सीएम नायब सैनी ने दिया 1 लाख का इनाम, पढ़ें रागिनी गायिका संध्या चौधरी की प्रेरणादायक कहानी

पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 25 IPS और 6 PPS का हुआ तबादला, लिस्‍ट में ADGP नौनिहाल सिंह का नाम भी शामिल