Last Updated:
Dream result in astrology : सपने में नौकरी, प्रमोशन या धन लाभ दिखाई दे तो इसका क्या मतलब होता है. क्या सुबह 4 बजे के आसपास देखा सपना सच होने का संकेत है. आप या आपके जानने वाले भी कभी न कभी इस सवालों से रूबरू हुए होंगे. लोकल 18 ने इस बारे में फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य से बात की. महंत कामेश्वरानंद कहते हैं कि इसका एक मतलब यह भी हो सकता है कि व्यक्ति के जीवन में नई जिम्मेदारियां आने वाली हैं. हर सपना सच हो, यह जरूरी नहीं है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं में कुछ सपनों को शुभ संकेत के तौर पर देखा गया है.
फरीदाबाद. सपने अक्सर हमें सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि आखिर इसका मतलब क्या है. खासकर जब सपने में नौकरी, प्रमोशन या धन लाभ जैसी चीजें दिखाई दें तो मन में कई तरह के सवाल आने लगते हैं. स्वप्नशास्त्र के अनुसार सपनों को व्यक्ति के जीवन से जुड़े कई संकेतों के रूप में देखा जाता है. सपने में नौकरी मिलना या नौकरी में प्रमोशन होना आमतौर पर तरक्की, जिम्मेदारी और जीवन में आगे बढ़ने की इच्छा से जुड़ा माना जाता है. हालांकि हर सपना सच हो, यह जरूरी नहीं है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं में कुछ सपनों को शुभ संकेत के तौर पर देखा गया है.
सुंदरकांड में भी इनका जिक्र
फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य लोकल 18 से बताते हैं कि स्वप्नशास्त्र बहुत पुराना शास्त्र है और धार्मिक ग्रंथों में भी सपनों का उल्लेख मिलता है. रामचरितमानस के सुंदरकांड में त्रिजटा के सपने का जिक्र आता है. त्रिजटा ने सपने में देखा था कि हनुमान जी ने लंका जला दी है और इसके बाद लंका में बड़ा बदलाव हुआ. इसी तरह विभीषण को राज्य मिलने की बात भी सपने में दिखाई गई थी. इसलिए धार्मिक दृष्टि से सपनों को कई बार आने वाले बदलाव या संकेत से जोड़कर देखा जाता है.
प्रमोशन सिर्फ पैसे का नाम नहीं
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि अगर किसी व्यक्ति को सपने में नौकरी मिलती हुई दिखाई दे या नौकरी में प्रमोशन मिलता हुआ दिखाई दे तो इसे केवल धन लाभ से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. इसका एक मतलब यह भी हो सकता है कि व्यक्ति के जीवन में नई जिम्मेदारियां आने वाली हैं. व्यक्ति के अंदर कुछ नया सीखने की इच्छा है और वह अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहता है. सपने में उन्नति दिखाई देना इस बात का संकेत माना जा सकता है कि व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने की जरूरत है. महंत कामेश्वरानंद बताते हैं कि नौकरी में प्रमोशन का मतलब केवल वेतन बढ़ना या पैसा मिलना नहीं होता. असली उन्नति तब होती है जब व्यक्ति अपने काम में ईमानदारी से आगे बढ़े और जिस जिम्मेदारी पर है, उसे अच्छी तरह निभाए. हमारे जीवन में कर्म का बहुत महत्व है. कहा भी गया है कि कर्म ही पूजा है. अगर व्यक्ति अपने काम को सही तरीके से करता है तो वही उसके लिए भगवान की पूजा के समान है.
अच्छे कर्मों से जुड़ा है सपना
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि सपने में प्रमोशन या धन लाभ दिखाई देना भगवान की तरफ से एक संदेश के रूप में भी देखा जा सकता है. इसका संकेत यह हो सकता है कि व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों में खरा उतरे और अपने काम को पूरी ईमानदारी से करे. अगर कर्म अच्छे होंगे तो आगे चलकर उन्नति और लाभ मिलने के रास्ते भी खुल सकते हैं. सिर्फ सपना देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि बिना मेहनत के प्रमोशन या धन लाभ हो जाएगा.
सुबह के सपने को लेकर क्या मान्यता
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि धार्मिक मान्यताओं में सुबह के समय देखे गए सपनों को लेकर खास बातें कही गई हैं. खासकर सुबह करीब 4 बजे के आसपास देखे गए सपने को कई लोग महत्वपूर्ण और सच होने की संभावना वाला मानते हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर सपना निश्चित रूप से सच होगा. सपना तभी जीवन में अच्छे परिणाम से जुड़ सकता है, जब व्यक्ति अपने कर्म और जिम्मेदारियों को भी सही तरीके से निभाए.
इष्ट देवता का ध्यान, धरती माता को प्रणाम
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि सुबह उठने के बाद सबसे पहले अपने हाथों का दर्शन करना शुभ माना गया है. धार्मिक मान्यता के अनुसार हाथों में भगवान श्रीकृष्ण, माता लक्ष्मी और माता सरस्वती का स्मरण किया जा सकता है. इसके बाद अपने इष्ट देवता का ध्यान करना चाहिए. धरती माता को प्रणाम करना और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेना भी शुभ माना गया है. इससे दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ होती है. व्यक्ति अपने काम और जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने की कोशिश करता है.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…
और पढ़ें






