Last Updated:
Bhiwani News: हरियाणा के भिवानी से भाजपा सांसद धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने Gen-Z आंदोलन में शामिल होने का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक गलत था और सरकार ने कार्रवाई की. मोहित ने कुछ बच्चों को सरकार बदनाम करने वाला बताया.
भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन को लेकर बड़ा खुलासा किया है.
हांसी. हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन को लेकर बड़ा खुलासा किया है. मोहित चौधरी ने कहा कि वह खुद इस आंदोलन में शामिल हुए थे. भाजपा सांसद के बेटे के आंदोलन में शामिल होने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
मोहित चौधरी बुधवार को हांसी पहुंचे थे. वह धर्मसेना युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. हांसी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात स्वीकार की.
मोहित चौधरी ने कहा कि अगर कोई चीज देश के हित में नहीं है, खराब है या गलत है तो उसके लिए देश के युवाओं से मिलकर उनकी बात सुननी चाहिए. उन्होंने नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि परीक्षा में पेपर लीक हुआ था, जो नहीं होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया, परीक्षा रद्द करवाई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की.
जब पत्रकारों ने उनसे भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलन में दूसरी पार्टी के लोगों के शामिल होने की बात कही थी, तो मोहित चौधरी ने कहा कि वहां जेनुएन बच्चे भी मौजूद थे. हालांकि, मोहित चौधरी ने यह भी कहा कि कुछ बच्चे ऐसे भी थे, जिनका मकसद सरकार को बदनाम करना था, ताकि वे जिस भी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं, उन्हें उसका फायदा और वाहवाही मिल सके.
अर्चना गुप्ता ने किया था आतंकवादियों का दावा
गौर रहे कि करीब एक महीने पहले हांसी में ही हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन को लेकर बयान दिया था. उन्होंने दावा किया था कि आंदोलन के दौरान अराजकता के साथ-साथ आतंकवादी भी दिखाई दिए थे. अर्चना गुप्ता ने यह भी दावा किया था कि आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत हुई और एक पुलिस अधिकारी की आंख चली गई. हालांकि, महिला कॉन्स्टेबल की मौत के दावे को दिल्ली पुलिस ने 24 जुलाई को ही गलत बताया था. वहीं, आंदोलन में विदेशी फंडिंग के सवाल पर विदेश मंत्रालय की ओर से भी कहा गया था कि उसके पास ऐसी किसी जानकारी का रिकॉर्ड नहीं है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें












