Last Updated:
Gurugram News: दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में बारिश का असर देखने को मिल रहा है. गुरुग्राम एनसीआर का बड़ा कॉरपोरेट और ट्रांसपोर्ट हब है, ऐसे में भारी बारिश का सीधा असर रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के मुताबिक अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है. साथ ही घर से काम करने की सलाह दी.
गुरुग्राम में जगह-जगह भरा पानी. (एएनआई)
गुरुग्राम : दिल्ली-एनसीआर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के बीच गुरुग्राम में जगह-जगह पानी भर गया है. हालात इतने खराब हो गए हैं कि प्रशासन ने कॉरपोरेट ऑफिस और निजी संस्थानों को आज कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की सलाह दी है. जिला प्रशासन का कहना है कि इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जलभराव के बीच राहत एवं मरम्मत का काम तेजी से किया जा सकेगा.
17 घंटे में 60 मिमी बारिश से बिगड़े हालात
गुरुग्राम में कल यानी 7 अगस्त की सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक करीब 60 मिमी बारिश दर्ज की गई. तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने की आशंका है. इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के प्रमुख उत्तम सिंह ने यह एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने निजी कंपनियों और संस्थानों से कहा है कि वे कर्मचारियों को 8 अगस्त को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित करें.
उन्होंने कहा कि जल निकासी, मरम्मत एवं बहाली कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए निर्णय लिया गया है. नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की. हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.
GMDA: 1800-180-1817 / 0124-2050808
NHAI: 1033 / 9311920617
MCG: 9821395354
DRO: 9289790948
सड़कों पर कम भीड़ से राहत कार्य में मिलेगी मदद
प्रशासन के मुताबिक, अगर लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलेंगे तो सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी. इससे जलभराव वाले इलाकों में पानी निकालने, सड़कों की मरम्मत और अन्य जरूरी काम करने में एजेंसियों को आसानी होगी. साथ ही लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की. खासतौर पर उन इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है, जहां जलभराव या ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है.
पानी में बाइक हुईं बंद
गुरुग्राम में जलभराव के कारण एक बाइक बीच रास्ते में बंद पड़ गई. इससे युवक परेशान हो गया. बेचारे ने बाइक को कंधे पर उठाकर पानी से बाहर निकाला. जलभराव के बीच बाइक उठाकर ले जाते युवकों का वीडियो वायरल हो रहा है.
About the Author

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें







