शादी के 15 दिन बाद ही हरप्रीत की लगी थी SDO की नौकरी, ससुराल नहीं जाना चाहती थी काजल, संदिग्ध मौत को लेकर उठ रहे सवाल

On: August 9, 2026 11:51 AM
Follow Us:

कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एसडीओ हरप्रीत सिंह की पत्नी काजल (27) की संदिग्ध मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. परिवार ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा रहा है.

जानकारी के अनुसार, काजल का 29 जुलाई को जन्मदिन था. ससुराल में पहली बार उसका जन्मदिन सेलिब्रेट किया गया. काजल अपने जन्मदिन पर अपने परिवार को बुलाना चाहती थी, क्योंकि उस समय उसके सास-ससुर भी ऑस्ट्रेलिया गए थे.

मार्केट कमेटी सिरसा से डिप्टी सुपरिंटेंडेंट पद से रिटायर हरपाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी काजल अपना पहला जन्मदिन परिवार के साथ मनाना चाहती थी. उसने पति हरप्रीत सिंह से मायके वालों को बुलाने की बात कही, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. इसके बाद काजल ने सिर्फ अपनी मां को बुलाने की जिद की, लेकिन उसे इसकी भी इजाजत नहीं दी गई.

पिता ने बताया कि काजल ने पिछले महीने एचटेट का पेपर भी दिया था. वह आगे शिक्षक बनने का सपना देख रही थी, लेकिन उसकी मौत से पहले ही उसके सारे सपने अधूरे रह गए. ये पेपर भी उसने मायके आकर ही दिया था, क्योंकि उसका पति खुद को बिजी होने का बहाना बनाता रहा.

शादी से पहले बेरोजगार था हरप्रीत

हरपाल सिंह ने बताया कि हरप्रीत सिंह शादी से पहले कोई नौकरी नहीं करता था. रिश्ता उसके चाचा के जरिए से तय हुआ था. हालांकि चाचा ने नौकरी के लिए पेपर देने की बात जरूर कही थी. शादी के करीब 15 दिन बाद ही हरप्रीत की नौकरी लग गई. इसके बाद उसकी मांगें बढ़ने लगी थीं.

ससुर BEO ऑफिस से असिस्टेंट क्लर्क रिटायर, बहन ऑस्ट्रेलिया में

परिवार के अनुसार, हरप्रीत के पिता गुरमीत सिंह अंबाला कैंट स्थित BEO (Block Education Officer) कार्यालय से असिस्टेंट क्लर्क पद से रिटायर हुए हैं. वहीं उसकी छोटी बहन ऑस्ट्रेलिया में रहती है. उनको यही लगा कि परिवार ठीक है. यही सोच कर उन्होंने रिश्ते के लिए हां कर दी थी.

4 अगस्त को जाना नहीं चाहती थी

पिता ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त को काजल अपने सेक्टर-3 स्थित ससुराल जाना नहीं चाहती थी. हालांकि परिवार ने उसे समझाकर भेज दिया. दोपहर करीब 12:30 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी. बातचीत सामान्य थी. इसके बाद शाम तक किसी ने कोई जानकारी नहीं दी.

‘पहले रिश्तेदार को बुलाया, हमें बाद में बताया’

हरपाल सिंह का आरोप है कि घटना वाले दिन 4 अगस्त को उसकी बेटी काजल और हरप्रीत घर पर थे. शाम को काजल की मौत के बाद हरप्रीत सिंह ने सबसे पहले शाहाबाद में रहने वाले अपने रिश्तेदार को सूचना दी. वह मौके पर पहुंचे. इसके बाद उन तक मौत की जानकारी दी गई. अगर घटना अचानक हुई थी तो सबसे पहले उनको सूचना क्यों नहीं दी गई.

पैर बेड से छू रहे थे, हत्या के बाद फंदे पर लटकाया

मौके पर पहुंचे पिता ने दावा किया कि जब उन्होंने बेटी का शव देखा तो उसके पैर बेड को छू रहे थे. उनका आरोप है कि काजल की हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

घर से मिला नैपकिन, पुलिस हैंडराइटिंग कराएगी जांच

घटना के बाद पुलिस को घर से एक नैपकिन मिला, जिस पर अंग्रेजी में “I M NOT WELL, SORRY” लिखा था. पुलिस ने इसे कब्जे में ले लिया है. अब इसकी हैंडराइटिंग की जांच कराई जाएगी ताकि पता चल सके कि यह लिखावट काजल की है या किसी और की.

आठ महीने पहले हुई थी शादी, दहेज और अफेयर के भी आरोप

काजल ने एमए और बीएड तक पढ़ाई की थी. उसकी शादी 29 नवंबर 2025 को हरप्रीत सिंह से हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी में कार के लिए 8 लाख रुपए भी दिए गए थे. इसके बावजूद दहेज की मांग जारी रही. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरप्रीत के किसी दूसरी युवती से संबंध थे और इसी वजह से उनकी बेटी की हत्या की गई. वहीं ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि दहेज के लिए कभी कोई प्रताड़ना नहीं दी गई. घटना के समय हरप्रीत दोस्तों के साथ बाहर गया हुआ था और काजल उसी सुबह मायके से लौटी थी.

पति और सास-ससुर पर केस, पुलिस जांच में जुटी

थाना सदर थानेसर पुलिस ने मृतका के पति हरप्रीत सिंह और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों, नैपकिन पर लिखावट और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

अंकल मेरे से मिले थे आप, कोई प्लानिंग नहीं है- यास्मीन

काजल की मौत के बाद उसका परिवार और ननद यास्मीन अस्पताल पहुंचे. यास्मीन ने काजल के पिता को समझाने की कोशिश की, लेकिन काजल के पिता ने प्लानिंग करके बेटी का काम यानी हत्या करने का आरोप लगाया. इस पर यास्मीन ने कहा कि नहीं कोई प्लानिंग नहीं की. आप मुझसे मिले भी थे. यास्मीन ने आरोप लगाया कि आपको सब पता था, तो किसी को क्यों नहीं बताया कि आपकी बेटी इतनी परेशान है. पिता ने ननद के सामने ही कहा कि मेरी बेटी इनके दबाव में थी.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now