Haryana Crime News: अनुशासन सिखाना पड़ा भारी!छात्रों ने शिक्षक पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

On: April 29, 2026 12:50 PM
Follow Us:

Haryana Crime News: हरियाणा के कैथल जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां कुछ छात्रों ने अपने ही शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। शिक्षक की गलती मात्रा इतनी थी कि वह स्कूल में अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे थे जिससे कुछ बच्चे नाराज हो गए। इसके बाद 12वीं के कुछ छात्रों ने प्लान बनाकर शिक्षक पर हमला कर दिया इस हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हरियाणा के कैथल में हुए इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के व्यवहार पर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जहां गुरु और शिष्य के रिश्ते को पवित्र माना जाता है वहीं दूसरी तरफ इस घटना के होने से शिक्षकों के मन में डर बैठ गया है।

बालू गांव स्थित एक स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक ने कक्षा के दौरान कुछ छात्रों को शोर-शराबा करने से रोका और अनुशासन में रहने की सलाह दी थी। लेकिन छात्रों ने न सिर्फ उनकी बात मानने से इनकार किया, बल्कि खुलेआम उन्हें चुनौती देते हुए स्कूल के बाद देख लेने की धमकी भी दी।

स्कूल की छुट्टी के बाद शिक्षक रोज की तरह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कलायत-चौशाला रोड पर स्थित एक शराब ठेके के पास पहले से घात लगाए बैठे तीनों छात्रों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी बातचीत के आरोपियों ने डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

हमले के दौरान शिक्षक के सिर, कमर और बाजू पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल शिक्षक को संभाला और पास से गुजर रही एक निजी स्कूल बस की मदद से उन्हें तुरंत कलायत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें आगे इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया।

 

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now