Haryana News: 47 केस वाला ‘रोबोट’ और 27 मुकदमों वाला तरुण गिरफ्तार, दिल्ली-UP-हरियाणा में करते थे चेन स्नेचिंग

On: September 14, 2026 10:19 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपी झज्जर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। बहादुरगढ़ सीआईए-2 की टीम ने दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ शहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं।

पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबोट निवासी नजफगढ़,दिल्ली और तरुण निवासी प्रताप नगर,दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों पर लूट और चेन स्नेचिंग सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 31 अगस्त को बहादुरगढ़ में घर से मंदिर जा रही एक महिला को रास्ते में निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले की जांच के दौरान सीआईए-2 की टीम आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान हुए खुलासे में सामने आया कि आरोपी रोबोट के खिलाफ लूट और चेन स्नेचिंग समेत 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं,जबकि आरोपी तरुण के खिलाफ 27 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा बेची गई चेन की रसीद भी पुलिस के हाथ लगी है। एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर इस मामले में अभी और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now