नई दिल्ली. रविवार को पंजाब से सुबह सुबह एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई.सावन का महीना है और भगवान शिव में आस्था रखने वाले लाखों श्रद्धालु बाबा को जल चढ़ाने कांवर भरकर यात्रा करते हैं. खबर है कि पंजाब में हुए एक सड़क हादसे में 3 कांवड़ियों की जान चली गई. वहीं बताया जा रहा है कि उनके साथ शिवधाम की ओर यात्रा कर रहे एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं. घटना फतेहगढ़ साहिब की बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार कार ने 4 कांवड़ियों को टक्कर मारी. इसके बाद वो वहां से बिना रुके ही फरार हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के समय 4 कांवड़िया सड़क पर पैदल अपनी यात्रा कर रहे थे. तभी एक तेज रफ्तार कार ने आकर उन सभी को कुचल दिया. इस घटना में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.ये सभी श्रद्धालु शिवरात्रि के लिए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट की तरफ जा रहे थे.
इस दर्दनाक घटना के बारे में श्री शिव तिलोकी नाथ कांवड़ संघ के सेवादार ने जानकारी साझा की. राजीव मलिक ने बताया कि जो हादसा हुआ है उसमें मारे जाने वाले तीन श्रद्धालु में दो कांवड़िए उनके संघ के सेवादार थे. उन्होंने आगे बताया कि ये सभी डेरा बाबा दुधाधारी में कांवड़ चढ़ाने के लिए निकले थे. जिस तीसरे शख्स की इस कार हादसे में मौत हुई है उनकी पहचान शिव कांवड़ संघ के सेवादार के तौर पर हुई है. उनको रामबाग मंदिर में कांवड़ अर्पित करना था. मारे जाने वाले कांवड़ियों की पहचान कोटकपूरा निवासी मोहिंदर पाल, दीपक कुमार और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है.












