नवरात्रि पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी

On: March 21, 2026 10:27 AM
Follow Us:

Noose Tightens on Adulterators During Navratri Food Safety Department Conducts Raids
बाजार स्थित एक दुकान में खाद्य पदार्थों के सैंपल लेते कर्मचारी।

  • मॉडल टाउन व गुड बाजार में दुकानों से भरे सैंपल

Rewari News(मेरा हरियाणा नेटवर्क) रेवाड़ी। नवरात्रि पर्व के मद्देनजऱ आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। विभाग की टीम पिछले दो दिनों से लगातार शहर के विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की सघन जांच कर रही है।
शुक्रवार को जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर संदीप कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख बाजार मॉडल टाउन व गुड बाजार में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानों पर पहुंचकर कुट्टू के आटे, सामक, सिंघाड़े के आटे सहित अन्य व्रत सामग्री के सैंपल एकत्र किए। इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता व शुद्धता की जांच की जाएगी।

मिलावटखोरों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत जुर्माना व अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे में मिलावट की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं। कई बार इसमें सस्ते व निम्न गुणवत्ता वाले पदार्थ मिलाकर बेचा जाता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की मिलावट को रोका जा सके और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।उन्होंने कहा कि विभाग की टीम त्योहार के दौरान लगातार बाजारों में निरीक्षण करती रहेगी और जहां भी अनियमितता पाई गई, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत जुर्माना व अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
वहीं, छापेमारी की भनक लगते ही बाजार में हडक़ंप मच गया।

कई दुकानदारों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि कुछ दुकानदार मौके से गायब हो गए। इससे स्पष्ट है कि बाजार में मिलावट को लेकर विभाग की कार्रवाई का असर दिखाई देने लगा है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now