Haryana news:डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से रबी फसल खरीद को लेकर समस्त तैयारियां और प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ हरियाणा सरकार द्वारा मंडियों में रबी फसल खरीद को लेकर मापदंड निर्धारित किए है।
डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि अनाज मंडियों में रबी फसल की खरीद के लिए किसानों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इसी के साथ सरकार ने मंडियों में गेट पास फोटो सत्यापन के लिए वाहन की फ्रंट नंबर प्लेट अनिवार्य है।
इसके साथ-साथ गेट पास के लिए किसान का बायोमेट्रिक सत्यापन भी आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा गेहूं 2585 रुपए प्रति क्विंटल और सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित किया गया है।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को भी निर्धारित मापदंडों के अनुसार मंडियों में फसल खरीद करने के निर्देश दिए। उन्होंने मापने वाले उपकरणों (मॉइस्चर मीटर) की उपलब्धता, बारदाने की पूरी व्यवस्था के साथ-साथ सभी मंडियों में लिफ्टिंग का कार्य भी सुचारू रूप से होने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने मंडियों में आने वाले किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखने के लिए पेयजल, शौचालय, छाया सहित अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया कि वे मंडियों में अपनी फसलों की उपज को सुखाकर लाएं, ताकि फसल बेचने में किसी भी किसान को परेशानी न हो पाए।













