Last Updated:
Himachal-Haryana Weather Today : हरियाणा में मानसून की दस्तक हो चुकी है. पश्चिमी हिस्से में यह अगले 3 दिनों में एक्टिव हो जाएगा. 10-11 जुलाई तक पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा. सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी में कम बारिश देखने को मिली है. हालांकि भारी बारिश से गुरुग्राम बेहाल दिख रहा है. कॉर्पोरेट कंपनियों से तुरंत Work From Home लागू करने की अपील की गई है. हिमाचल में भारी बारिश का दौर चल पड़ा है. IMD ने 13 जुलाई तक हिमाचल के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आज शिमला, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सिरमौर जिलों में भारी से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है.
हिमाचल में 13 जुलाई तक येलो अलर्ट है. फोटो AI
गुरुग्राम. हरियाणा में मानसून की दस्तक के बाद से उत्तरी और दक्षिणी जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. पश्चिमी हरियाणा में अगले 3 दिनों में इसके सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 10-11 जुलाई तक मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ के मुताबिक, मानसून की गति इन दिनों थोड़ी धीमी है, जिसके कारण पूरे हरियाणा में एक साथ बारिश नहीं हो रही है. अभी हरियाणा में खासकर उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. कम बारिश वाले इलाकों में अभी तक सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी शामिल हैं. अगले 3 दिनों में हरियाणा में ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है.
डॉ. खिचड़ बताते हैं कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही चेताया था कि इस बार बारिश कम होगी, जिसका प्रभाव देखने को मिल रहा है. लेकिन अभी अनुमान है कि मानसून थोड़ी गति पकड़ेगा और अगले 3 दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है. हरियाणा में 35 से 39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान बना हुआ है और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री चल रहा है. इसमें 2 से 3 डिग्री और गिरावट आने की संभावना है. प्रदेश में उमस का माहौल बना रहेगा.
- धान रोपाई कब करें?
डॉ. मदन लाल खिचड़ के अनुसार, ये बारिश धान रोपाई के लिए फायदेमंद रहेगी. नरमा, कपास और दूसरी फसलों में निराई-गुड़ाई करें. - बाजरा की बिजाई 2 दिन बाद क्यों?
डॉ. मदन लाल खिचड़ बताते हैं कि बाजरा की बिजाई 10 या 11 जुलाई के बाद करें ताकि बारिश की नमी जमीन में आ जाए. - किन इलाकों में लगाएं धान?
डॉ. मदन लाल खिचड़ के मुताबिक, धान की रोपाई उसी क्षेत्रों में करें जहां सिंचाई की उपलब्धता अच्छी हो.
दिल्ली-जयपुर हाईवे धंसने से आफत
कल (7 जुलाई) दोपहर गरज-चमक के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश से गुरुग्राम की सड़कें तालाब बन गईं. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. भारी बारिश और जलभराव के बीच गुरुग्राम पुलिस की बड़ी एडवाइजरी सामने आई है. गुरुग्राम पुलिस ने कंपनियों से कहा है कि कर्मचारियों से घर से काम कराएं. इसमें कॉर्पोरेट कंपनियों से तुरंत Work From Home लागू करने की अपील की गई है.
हिमाचल में 13 जुलाई तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी
- भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, मडस्लाइड, नदियों और खड्डों के जलस्तर में अचानक वृद्धि.
- सड़कें बंद होने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं.
- लगातार बारिश से दृश्यता कम होने के कारण यात्रा को खतरा.
- कृषि और बागवानी फसलों को भी नुकसान की आशंका.
- मौसम विभाग, राज्य सरकार और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें.
- भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें.
- नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के पास न जाएं.
अगले कई दिनों तक भारी बारिश
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए अगले कई दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के मुताबिक, मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय बना हुआ है. अगले 5 से 7 दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी. कुछ जगहों पर मानसून ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है. कुल्लू के शिलानाला की ऊंची पहाड़ियों में बादल फटने से गड़सा खड्ड के जलस्तर भारी बढ़ोतरी हुई. हालांकि जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है. प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है कि पतलीकूहल के पास कशेरी नाला में भारी जल प्रवाह हो रहा है. कृपया सुरक्षा की दृष्टि से नाले और उसके आसपास जाने से बचें. नाले को पार करने का प्रयास न करें. नदी-नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें












