विनोद सैनी
हिसार. हरियाणा के हिसार कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की जांच अजीत पहलवान गैंग की ओर बढ़ रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनोद पानू और अजीत पहलवान दोनों नारनौंद के गांव थुराना के रहने वाले हैं और वर्ष 2008 से दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही है. इसी गैंगवार में विनोद पानू की एक आंख भी चली गई थी, जिसके बाद उसे काणा के नाम से जाना जाने लगा. काणा पर 31 मामले दर्ज थे. हिसार की विधायक सावित्र जिंदल के पीए की हत्या भी करवाने के आरोप काणा पर थे.
बताया जा रहा है कि अजीत पहलवान करीब दो महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था, जबकि विनोद पानू भी कुछ दिन पहले करनाल जेल से जमानत पर बाहर आया था. दोनों गुटों के बीच पहले भी कई बार हिंसक झड़पें हो चुकी हैं और गैंगवार में कई लोगों की जान जा चुकी है.
बरी होने के बाद काफिले के साथ कोर्ट पहुंचा था काणा
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को विनोद पानू और उसके 11 साथी पांच साल पुराने एक हत्या प्रयास के मामले में हिसार कोर्ट से बरी हुए थे. इसके बाद, सभी काफिले के साथ कोर्ट परिसर से बाहर निकल रहे थे. इससे पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विनोद पानू लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ नजर आ रहा है.
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर डाली गई इसी पोस्ट से हमलावरों को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली हो सकती है. हालांकि, पुलिस अभी इस एंगल की जांच कर रही है.
कोर्ट के अंदर गाड़ी ले जाने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, विनोद पानू को पहले से हमले का डर था. इसी वजह से वह अपनी लग्जरी गाड़ी को कोर्ट परिसर के अंदर ले जाना चाहता था, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने गाड़ी को अंदर जाने से रोक दिया. इसके बाद जब वह पैदल कोर्ट परिसर में जा रहा था, तभी घात लगाकर बैठे दो नकाबपोश हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी.
14 राउंड फायरिंग, काणा को करीब 10 गोलियां लगीं
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुई वारदात में हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोलीबारी में विनोद पानू के अलावा उसके दो साथी रविंद्र और योगेश भी घायल हुए. घटनास्थल से पुलिस ने गोलियों के 14 खोल बरामद किए हैं. बताया गया है कि इनमें करीब 10 गोलियां विनोद पानू को लगीं. फायरिंग के बाद कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई. इसी दौरान हमलावर भागने लगे. पानू के साथियों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी ने भागते समय दोबारा गोली चलाई, जो पानू के एक साथी की जांघ में लगी. इसके बावजूद साथियों ने उसे पकड़ लिया.
फॉर्च्यूनर से अस्पताल ले गए साथी
घायल विनोद पानू और उसके दोनों साथियों को उनके साथी फॉर्च्यूनर गाड़ी से हिसार के सपरा अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने विनोद पानू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों घायल साथियों का इलाज जारी है. घटना के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी. हिसार एसपी सिद्धांत जैन के अनुसार, विनोद पानू उर्फ काणा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में 31 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे मामले शामिल हैं. पुलिस ने वारदात में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान राकेश पुत्र बलराज, निवासी गांव खरड़ के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में राकेश पर 7 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद हत्या के पीछे की पूरी साजिश और आरोपियों की भूमिका का जल्द खुलासा किया जाएगा.
दो साथी घायल, रविंद्र को पांच घंटे की सर्जरी के बाद बचाया
गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या के मामले में अब घायलों और गिरफ्तार आरोपी को लेकर नई जानकारी सामने आई है. फायरिंग में विनोद के दो साथी भी घायल हुए हैं. इनमें हांसी के उमरा निवासी रविंद्र और भिवानी के मंडोली गांव निवासी योगेश शामिल हैं. उमरा निवासी रविंद्र के पेट में गोली लगी है. बताया जा रहा है कि एक हमलावर को पकड़ने के दौरान हुई फायरिंग में चली गोली रविंद्र को लगी. उसे गंभीर हालत में हिसार के सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने डॉ. तरुण सपरा के नेतृत्व में करीब पांच घंटे की मैराथन सर्जरी कर उसकी जान बचाई.
हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोर्ट में गैंगस्टर विनोद काणा की हत्या कर दी.
सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर पंकज के अनुसार रविंद्र को पेट में गंभीर गोली की चोट लगी थी. गोली पेट को आर-पार करते हुए निकल गई थी. चोट के कारण पेशाब की नली यानी यूरेटर, ब्लैडर और पीछे रेक्टम के पास भी नुकसान हुआ था. डॉक्टरों की टीम ने करीब पांच घंटे तक ऑपरेशन कर इन चोटों की मरम्मत की. रविंद्र की हालत फिलहाल गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है. डॉक्टरों के अनुसार उसे कम से कम 72 घंटे निगरानी में रखा जाएगा, ताकि अंदरूनी ब्लीडिंग या संक्रमण जैसी जटिलताओं पर नजर रखी जा सके. दूसरे घायल योगेश को विनोद पानू पर हुई शुरुआती फायरिंग के दौरान छर्रे लगे थे. उसकी स्थिति को लेकर भी अस्पताल में उपचार किया गया. डॉक्टर पंकज ने बताया कि गोली किस प्रकार की थी, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी. अस्पताल की ओर से मामले की चिकित्सकीय जानकारी पुलिस को दी गई है.
एक आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में राकेश पुत्र बालराज, निवासी खरड़, हिसार को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल असलहा बरामद किए जाने की जानकारी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों तथा वारदात के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है. इस बीच सामने आए वीडियो में हमलावर को पकड़ने के दौरान भी गोली चलने की आवाज सुनाई दे रही है. इसी दौरान चली गोली रविंद्र को लगने की बात सामने आई है. कोर्ट परिसर में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल लगातार बने हुए हैं और पुलिस अब CCTV फुटेज, मौके से मिले साक्ष्यों तथा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.












