Haryana News: रेवाड़ी से रविवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई। खाटू धाम के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों के साथ शनिवार रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बावल के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर उनकी कार पर चने से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। कार पूरी तरह पिचक गई और इसमें सवार जीजा-साला और उनका पत्नियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में पांच साल के बच्चों की जान बच गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दर्शन करने गया था परिवार
हादसे के बाद चने की बोरियां हाईवे पर बिखर गई और यातायात जाम हो गया। मूल रूप से राजस्थान निवासी दीपक कुमार कई सालों से पालम दिल्ली में रह रहे थे। दीपक जांगिड अपनी पत्नी दिव्या, पांच साल के बेटे अध्विक, अपने साले दिल्ली सुभाष नगर के नितिन, उनकी पत्नी सरिता के साथ सीकर राजस्थान स्थित खाटू धाम के दर्शन करने गए थे।
कार पर पलट गया ट्रक
शनिवार को वे अपनी हुंडई आई 10 कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब जब उनकी कार बावल के दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बनीपुर चौक से गुजर रही थी, तो उनके साथ चने की बोरी से भरा ट्रक भी चल रहा था। अचानक ट्रक चालक संतुलन खो बैठा और साथ चल रही कार पर पलट गया।
मौके पर चारों लोगों की मौत
कार पूरी तरह से पिचक गई और इसमें सवार सभी पांच लोग दब गए। दर्दनाक हादसा देखकर लोग मदद को दौड़े और इसके सूचना कसौला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत दो क्रेनों का इंतजाम कर कार के ऊपर पड़े ट्रक को हटाया और नीचे दबे पांचों लोगों को कटर की मदद से खिड़की काटकर बाहर निकला। उन्हें बावल के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने दीपक, दिव्या, नितिन व सरिता को मृत घोषित कर दिया। पिछली सीट पर बैठे पांच साल के बच्चे की चमत्कारिक ढंग से जान बच गई। लेकिन उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज चल रहा है।
ट्रक चालक हुआ फरार
हादसे के बाद हाईवे पर ट्रक में भरी चने की बोरिया बिखर गई और यातायात जाम हो गया। ढाई घंटे तक चले बचाव कार्य के बाद हाईवे को चालू कराया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फ़रार हो गया। पुलिस ने हादसे की सूचना पीड़ित परिवार को दे दी है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वे बावल पहुंचे, जहां सभी मृतकों का रविवार को पोस्टमॉर्टम हुआ। कसौला थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने कहा की कार में सवार 5 में से चार लोगों की मौत हुई है। एक बच्चा उपचाराधीन दिन है। ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश की जा रही है।













