Last Updated:
फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित डोमिनोज पिज्जा स्टोर में पानी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने मैनेजर के साथ मारपीट की. सीसीटीवी में घटना कैद हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मैनेजर ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई नहीं करने और मारपीट के दौरान मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है.
फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में पानी देने को लेकर हुए विवाद मारपीट तक बात पहुंच गई. सेक्टर-12 स्थित डोमिनोज पिज्जा स्टोर में पानी नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने स्टोर मैनेजर के साथ मारपीट कर दी. आरोप है कि युवक ने मैनेजर को कई थप्पड़ मारे और उसके साथी भी स्टोर में घुसकर झगड़ा करने लगे. पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
मैनेजर ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई नहीं करने और मारपीट के दौरान मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
मामला फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट का है. स्टोर मैनेजर नितेश कुमार ने बताया कि 2 नवंबर की रात वह एक कर्मचारी के साथ स्टोर में काम कर रहे थे. इसी दौरान अजय नाम का एक युवक वहां पहुंचा और पानी मांगा. कर्मचारियों के काम में व्यस्त होने और उनकी आवाज अंदर तक नहीं पहुंचने के कारण युवक नाराज हो गया. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
मैनेजर का आरोप है कि उन्होंने युवक को शांत रहने के लिए कहा तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. युवक के अन्य साथी भी स्टोर के अंदर आ गए और झगड़ा करने लगे. सीसीटीवी कैमरे में मैनेजर के साथ हुई मारपीट के दृश्य रिकॉर्ड हो गए.
नितेश का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया था, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की. मैनेजर का दावा है कि पुलिसकर्मियों के सामने भी उनके साथ मारपीट होती रही और वे देखते रहे. पीड़ित का कहना है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है.
सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर का कहना है कि पुलिस को शिकायत मिली है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…













