‘मेरा कोई सहारा नहीं, अब कहां जाऊंगी बाबू’, फरीदाबाद के कुष्ठ आश्रम में बुजुर्गों की दर्दभरी कहानी

On: November 29, 2026 7:33 AM
Follow Us:

फरीदाबाद: चुनाव का समय आता है तो नेता और मंत्री आशीर्वाद लेने के लिए आश्रम पहुंचते हैं. लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याएं सुनने का भरोसा भी देते हैं. लेकिन आज उसी आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के सामने अपना घर बचाने का संकट खड़ा हो गया है. उम्र के आखिरी पड़ाव में जब इंसान को अपनों के सहारे और सिर छिपाने के लिए एक छत की जरूरत होती है, तब अगर उसी छत के छिनने का डर सताने लगे तो उसकी तकलीफ समझना मुश्किल नहीं है.

फरीदाबाद के NIT क्षेत्र में गांधी कॉलोनी के पास स्थित भारत माता कुष्ठ आश्रम में रहने वाले 109 परिवार इन दिनों इसी दर्द से गुजर रहे हैं. नगर निगम की ओर से मकानों पर नोटिस चस्पा कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए हैं. यहां रहने वाले परिवारों को डर है कि अगर मकानों पर बुलडोजर चला तो वे आखिर जाएंगे कहां. इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं हैं, जो कुष्ठ रोग से पीड़ित हैं. किसी का परिवार नहीं है तो कोई पूरी तरह दूसरों की मदद पर निर्भर है. Local18 की टीम जब आश्रम पहुंची और इन लोगों से बातचीत की तो अपनी परेशानी बताते-बताते कई बुजुर्ग महिलाओं की आंखों से आंसू छलक पड़े.

60 साल से आश्रम में रह रहे परिवार, अब घर उजड़ने का डर

60 साल से यहां रह रहे हैं परिवार भारत माता कुष्ठ आश्रम के सेक्रेटरी नागप्पा बताते हैं कि यह आश्रम करीब 60 साल पुराना है. मेरे पूर्वजों को सरकार की ओर से यहां बसाया गया था. आज यहां तीन पीढ़ियां अपने परिवार और बच्चों के साथ रह रही हैं. आश्रम में कुल 109 परिवार रहते हैं. नागप्पा बताते हैं कि नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण के लिए पीछे की तरफ से जगह खाली करने का नोटिस दिया गया है. नोटिस पर 23 तारीख लिखी हुई है, जबकि इसे 26 तारीख को चस्पा किया गया. ऐसे में लोगों को पर्याप्त समय भी नहीं मिला.

नागप्पा बताते हैं कि पहले यहां 24 फीट सड़क बनाने की बात कही गई थी. उस समय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से आश्वासन मिला था कि पीछे हटने के बाद आश्रम और मकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा. सरकार की बात मानकर आश्रम के लोगों ने पहले ही काफी जगह छोड़ दी थी. कई मकानों और मंदिर तक को हटाया गया था. अब दोबारा पीछे से जगह लेने की बात कही जा रही है. यहां डिस्पेंसरी, गौशाला, स्कूल, शौचालय, पानी की टंकी और भोजनालय भी बना हुआ है. अगर आश्रम का पिछला हिस्सा भी टूट गया तो इन सुविधाओं के लिए कोई जगह नहीं बचेगी. नागप्पा का कहना है कि पहले सामने की टूटी सड़क का निर्माण कराया जाए. आश्रम में रहने वाले लोगों को उजाड़ने से पहले उनके रहने की व्यवस्था की जाए.

70 साल की उम्र में कहां जाएंगे

आश्रम में रहने वाली कुबूला बताती हैं कि मैं यहां बहुत सालों से रह रही हूं. अब मेरी उम्र 70 साल हो गई है. अगर यहां तोड़फोड़ हो गई तो मैं कहां जाऊंगी. मेरा पूरा परिवार यहीं रहता है. बेटा, बहू और नाती-पोते सभी इसी जगह पर हैं. हम लोग कोई बड़ा काम नहीं कर सकते. कबाड़ चुनकर और लोगों की मदद से अपना गुजारा करते हैं. कोई खाना दे जाता है तो कोई फल और कपड़े दे जाता है. इसी से हमारा पेट भरता है. अब अगर हमारा घर ही नहीं रहेगा तो हम कहां जाएंगे.

50 साल से रह रही हूं, अब क्या करूंगी

मुगलवा बताती हैं कि मैं यहां 50 साल से भी ज्यादा समय से रह रही हूं. मेरा कोई परिवार नहीं है. मेरी एक लड़की है, जो अपने ससुराल में रहती है. मैं यहां अकेली रहती हूं. आश्रम में खाना बनता है तो यहीं खाकर गुजारा करती हूं. अब अगर तोड़फोड़ हो गई तो मेरे सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो जाएगा. बहुत परेशानी है बाबू, हम कहां जाएंगे.

भानू बताती हैं कि मेरी उम्र करीब 70 साल से ज्यादा हो गई है. मैं यहां 40 से 45 साल से रह रही हूं. नोटिस मिलने के बाद से बहुत परेशान हूं. मैंने अपने रहने के लिए छोटी-मोटी जगह बनाई हुई है. यहां नहाने-धोने, खाना बनाने और सोने की व्यवस्था है. मेरे साथ देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है. अगर किसी को अपने पास रखूंगी तो उसे कहां सुलाऊंगी. मेरे कपड़े कौन धोकर देगा और मेरी देखभाल कौन करेगा. यहां खाना तो मिल जाता है, लेकिन रहने की जगह भी तो जरूरी है. अगर यह जगह टूट गई तो हम कहां जाएंगे.

60 साल की यादें और आंखों में आंसू

कलावती बताती हैं कि मैं यहां करीब 60 साल से रह रही हूं. पहले मेरे मम्मी-पापा और पूरा परिवार यहीं रहता था. अब मैं विधवा हूं और मेरा कोई सहारा नहीं है. बाहर से लोग राशन और अनाज दे जाते हैं. उसी से एक वक्त की रोटी खाकर गुजारा करती हूं. सरकार की तरफ से हमें कोई मदद नहीं मिली है. पहले भी तोड़फोड़ के दौरान हमें काफी परेशानी हुई थी. अब दोबारा वही डर सता रहा है.

दुर्गम्मा बताती हैं कि हम दोनों बीमार हैं. मेरे पति भी लाचार हैं. हम खुद से कुछ काम नहीं कर पाते. दाने और बाहर से मिलने वाले अनाज के सहारे जिंदगी चल रही है. जब अनाज मिलता है तो खाना बनाकर खाते हैं, नहीं तो ऐसे ही पड़े रहते हैं. अब अगर मकान टूट गया तो हम कहां जाएंगे. हमारे पास रहने के लिए दूसरी कोई जगह नहीं है.

सरकार से सिर्फ एक गुजारिश

आश्रम में रहने वाले इन परिवारों का कहना है कि वे सरकार और नगर निगम से हाथ जोड़कर गुजारिश कर रहे हैं कि उन्हें यहां से बेघर न किया जाए. उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर उनके पास रहने के लिए दूसरी कोई जगह नहीं है. दान देने वाले लोगों की मदद से ही उनका खाना-पीना और जीवन चल रहा है. ऐसे में अगर आश्रम टूट गया तो इन बुजुर्गों और परिवारों के सामने रहने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट खड़ा हो जाएगा. इस पूरे इलाके में नगर निगम के नोटिस और कार्रवाई का खतरा करीब 200 परिवारों पर मंडरा रहा है. इनमें भारत माता कुष्ठ आश्रम में रहने वाले 109 परिवार भी शामिल हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now