फरीदाबाद: फरीदाबाद के दयालपुर गांव में जर्जर ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की तरफ से आसपास के इलाकों में पुराने बिजली के खंभे बदले गए हैं, लेकिन दयालपुर गांव में ट्रांसफार्मर के पास लगा खंभा अभी भी जर्जर हालत में है. ट्रांसफार्मर के तार भी खुले हुए हैं. ग्रामीणों को डर है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है.
मोड़ पर ट्रांसफार्मर बना हादसे का खतरा
ग्रामीणों की मांग है कि गांव में लगा यह ट्रांसफार्मर यहां से हटाकर किसी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए. ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर मोड़ पर लगा हुआ है, जिसकी वजह से वाहन चालकों को भी परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है. उनका आरोप है कि इससे पहले भी कई जानवर करंट की चपेट में आ चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते ट्रांसफार्मर को नहीं हटाया गया और कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी.
बच्चों को भी लग चुका है करंट
Local18 से बातचीत में दयालपुर गांव के निवासी जगदीप हुड्डा बताते हैं कि ट्रांसफार्मर की वजह से यहां कई बच्चों को करंट लग चुका है. यह ट्रांसफार्मर मोड़ पर ही लगा हुआ है, जिसकी वजह से गाड़ियों को मोड़ने में भी दिक्कत होती है. ट्रांसफार्मर में करंट आने की वजह से एक कुत्ते की भी मौत हो चुकी है. उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर बिल्कुल गलत जगह पर लगा हुआ है और इसे यहां से हटाकर कहीं और शिफ्ट किया जाना चाहिए.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
जगदीप हुड्डा बताते हैं कि उन्होंने इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ को एप्लीकेशन भी दी थी, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है. चंदावली से आगे गांव अटाली तक बिजली के सभी खंभे हटा दिए गए हैं, लेकिन दयालपुर गांव में इस जर्जर खंभे को ऐसे ही छोड़ दिया गया. खंभा टूटा हुआ है और इसी के ऊपर ट्रांसफार्मर लगा हुआ है. ऐसे में ग्रामीणों को हर समय हादसे का डर बना रहता है.
खुले तारों से ग्रामीणों में डर
स्थानीय निवासी नानक सिंह हुड्डा बताते हैं कि इस ट्रांसफार्मर की वजह से किसी भी समय हादसा हो सकता है. ट्रांसफार्मर के तार खुले हुए हैं और इसकी वजह से ग्रामीणों को काफी दिक्कत और परेशानी हो रही है. बिजली विभाग को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए.
टूटे खंभे पर लटका ट्रांसफार्मर
ग्रामीण अजय सिंह बताते हैं कि यहां ट्रांसफार्मर के पास तार नंगे पड़े हुए हैं. जिस खंभे पर ट्रांसफार्मर लगा है, वह भी टूटा हुआ है. अगर समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों की मांग है कि इस ट्रांसफार्मर को यहां से हटाकर सुरक्षित जगह पर लगाया जाए.
मोड़ पर होने से बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय निवासी रोहतास बताते हैं कि ट्रांसफार्मर गलत जगह पर लगा हुआ है. यह बिल्कुल कोने और मोड़ पर लगा है. यहां से वाहन गुजरते रहते हैं और हमेशा एक्सीडेंट होने का खतरा बना रहता है. बिजली विभाग को ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करना चाहिए.












