Last Updated:
Faridabad News: अब हरियाणा से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए बल्लभगढ़ बस डिपो से सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है. खासकर फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल के यात्रियों को इस बस सेवा से बड़ा फायदा मिलेगा. इससे समय की बचत होगी और सफर भी अधिक आरामदायक बनेगा. आइए इसके समय और किराए के बारे में सबकुछ जानते हैं.
फरीदाबाद: हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. अब बल्लभगढ़ से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचना पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान हो गया है. हरियाणा रोडवेज ने बल्लभगढ़ बस डिपो से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी है. इस नई सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को अब एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए अलग-अलग वाहन बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी. खासकर फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल के यात्रियों को इस बस सेवा से बड़ा फायदा मिलेगा. इससे समय की बचत होगी और सफर भी अधिक आरामदायक बनेगा. लंबे समय से लोग इस रूट पर सीधी बस सेवा की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा कर दिया गया है.
Local18 से बातचीत में बल्लभगढ़ बस स्टैंड के डीआई जयपाल राठी बताते हैं कि बल्लभगढ़ बस डिपो से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है. यह बस रोजाना सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर बल्लभगढ़ बस अड्डे से रवाना होती है. बस पलवल और महमदपुर होते हुए सीधे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचती है. इससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अब बीच रास्ते में बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इतने किमी का सफर
जयपाल राठी बताते हैं कि बल्लभगढ़ से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दूरी करीब 63 किलोमीटर है. इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए किराया 85 रुपये निर्धारित किया गया है. फिलहाल इस रूट पर एक सामान्य रोडवेज बस चलाई जा रही है. यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है. फिलहाल शुरुआत एक बस से की गई है, ताकि लोगों को सीधी और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सके.
इतने बजे रवाना होगी बस
जयपाल राठी बताते हैं कि वापसी में यह बस जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर बल्लभगढ़ के लिए रवाना होती है. इससे एयरपोर्ट से लौटने वाले यात्रियों को भी सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा. पहले लोगों को जेवर जाने के लिए बुलंदशहर की बसों का सहारा लेना पड़ता था. बल्लभगढ़ डिपो से प्रतिदिन तीन बसें बुलंदशहर के लिए चलती हैं, जो पलवल, जेवर और खुर्जा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचती थीं. लेकिन अब एयरपोर्ट के लिए अलग से सीधी बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों का सफर पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो गया है.
लोगों के लिए बड़ी राहत
जयपाल राठी बताते हैं कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने के बाद वहां लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी है. इसी को देखते हुए बल्लभगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की ओर से लगातार जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज ने इस मांग को स्वीकार किया और नई बस सेवा शुरू कर दी. इससे न केवल फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल के लोगों को फायदा मिलेगा, बल्कि एयरपोर्ट तक सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा भी उपलब्ध होगी. आने वाले समय में यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो इस रूट पर और बसें चलने की संभावना भी बन सकती है. फिलहाल यह नई बस सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत और सुविधाजनक पहल मानी जा रही है.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें












