Last Updated:
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है. 21 जुलाई को प्रदेश के सभी 4729 शक्ति केंद्रों पर एक साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी. इन बैठकों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. 377 मंडलों के बाद अब पार्टी का पूरा फोकस 4729 शक्ति केंद्रों पर है. इसी कड़ी में 21 जुलाई को प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर एक साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी जिलों को इन बैठकों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिंजौर के शक्ति केंद्र की बैठक में शामिल होंगे. वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सोनीपत के राई और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा गन्नौर शक्ति केंद्र की बैठक में मौजूद रहेंगे.
रविवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इसके बाद प्रदेश के सभी 25 जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वर्चुअल माध्यम से भी संवाद किया.
बैठकों में बूथ समितियों के गठन, ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सभी बूथों पर सुनने, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम और ‘सरल’ पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया जाएगा. साथ ही हर जिले में 11 सदस्यीय समिति बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं.
टिफिन बैठक का नया प्रयोग
भाजपा ने इस बार शक्ति केंद्र की बैठकों को ‘टिफिन बैठक’ का स्वरूप दिया है. सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने घर से टिफिन लेकर आएंगे और बैठक के बाद सहभोज करेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी अपने घर से टिफिन लेकर बैठक में शामिल होंगे.
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इस पहल से कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता, संवाद और आपसी तालमेल मजबूत होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का भी आह्वान किया.
वहीं, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन पूरी तरह बूथ आधारित है. बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन भी उतना ही मजबूत होगा. इसलिए सभी पदाधिकारियों को बूथ सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें











