Last Updated:
Jhajjar News: हरियाणा के झज्जर के मुनीमपुर गांव में बछड़े को बचाने कुएं में उतरे 4 लोगों की जहरीली गैस से मौत हो गई. पुलिस और दमकल विभाग ने रेस्क्यू कर शव निकाले. बीती रात को डीसीपी भी मौके पर पहुंची थी. 50 साल से कुआं बंद था और कोई इस्तेमाल नहीं कर रहा था.
झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर में रविवार की शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया.
झज्जर. हरियाणा के झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर में रविवार की शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. एक बछड़े को बचाने के प्रयास में गांव के कुएं में उतरे चार लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटने के कारण मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 41 वर्षीय दलबीर और नरेंद्र, 37 वर्षीय मोनू तथा एक प्रवासी मजदूर रामे के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुएं में बछड़ा गिर गया था. उसे निकालने के लिए एक-एक कर चारों लोग कुएं में उतरे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण सभी बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों को कुएं से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुएं में भयंकर जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री भी मौके पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और गहन प्रयासों के बावजूद चारों लोगों को बचाया नहीं जा सका.
वहीं, विधायक कुलदीप वत्स भी अपनी टीम के साथ हादसा स्थल और बाद में नागरिक अस्पताल पहुंचे तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इधर, नागरिक अस्पताल में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच जाता, तो शायद चारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
जिला पुलिस कमीश्नर डा.राजश्री ने बताया कि 50 साल से कुएं का इस्तेमाल नहीं किया गया था और चारों शवों को निकाल लिए गए हैं. गाय को बचाने के लिए सभी कुएं में उतरी थी और फिर गैस की वजह से सभी की जान चली गई.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें










