Last Updated:
Ambala ki local news : अंबाला की फल और सब्जी मंडी के बाहर बने डंपिंग जोन ने व्यापारियों, किसानों और ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. व्यापारियों का कहना है कि जब ग्राहक मंडी पहुंचने से पहले ही गंदगी देखते हैं तो फल और सब्जियों की गुणवत्ता पर भी सवाल मन में उठने लगते हैं. कई महीनों से शिकायतें, ज्ञापन और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकला. थकहार कर आखिरकार हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल को मंडी में बुलाना पड़ा. व्यापारियों का कहना है कि मंडी के अंदर भी नियमित सफाई नहीं होने से सड़े-गले फल और सब्जियां कई दिनों तक परिसर में पड़ी रहती हैं. बदबू के बीच संक्रमण का खतरा बना रहता है.
कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं
मंडी के अंदर की स्थिति भी इससे अलग नहीं है. व्यापारियों के अनुसार, नियमित सफाई नहीं होने के कारण सड़े-गले फल और सब्जियां कई दिनों तक परिसर में पड़ी रहती हैं, जिससे बदबू फैलती है और संक्रमण का खतरा बना रहता है. मंडी के दोनों गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नदारद है. कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं होने से पंजाब और हरियाणा की ओर जाने वाले स्क्रैप से भरे ट्रक मंडी परिसर में खड़े रहते हैं, जिससे फल और सब्जियों से लदे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने भी व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है. उन्होंने पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है.
मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे बात
व्यापारियों की शिकायतें सुनने पहुंचे हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने लोकल 18 को बताया है कि मंडी के व्यापारियों ने उनके सामने कई गंभीर समस्याएं रखी हैं. यह केवल अंबाला की मंडी का मामला नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सुविधा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी गंभीर समस्या है. वह स्वयं इन सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे. जहां-जहां प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही हुई है, वहां आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. मंडी में सफाई, सुरक्षा, सीसीटीवी, ट्रैफिक व्यवस्था और व्यापारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. व्यापारियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी. यदि किसी प्रकार के टैक्स या अन्य प्रशासनिक नियमों से व्यापारियों को दिक्कत आ रही है तो उस विषय पर भी सरकार के स्तर पर समाधान निकाला जाएगा.
क्या बोले मंडी के प्रधान
लोकल 18 से मंडी प्रधान अमरनाथ ने कहा कि व्यापारी पिछले काफी समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है. सबसे बड़ी समस्या मंडी के बाहर फैली गंदगी है. रोजाना हजारों लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन ने आज तक इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई है. मंडी के अंदर भी समय पर सफाई नहीं होती है, जिससे सड़े-गले फल और सब्जियां कई दिनों तक पड़ी रहती हैं. सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है. दोनों गेटों पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है, जिसके कारण बाहरी वाहन मंडी में खड़े रहते हैं और हमारे व्यापारिक वाहनों को अंदर आने में परेशानी होती है. चोरी की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें












