Last Updated:
Haryana Himachal New Toll Tax: हरियाणा में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स बढ़ाया गया है. NHAI ने करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर 5 से 30 रुपए तक की बढ़ोतरी की और नए रेट लागू किए गए हैं. अहम बात है कि हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स में तीन महीने में तीसरी बार रेट बढ़ाए गए हैं.
हरियाणा में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर तीन महीने में दूसरी बार टोल टैक्स में इजाफा किया गया है.
करनाल. हरियाणा में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर तीन महीने में दूसरी बार टोल टैक्स में इजाफा किया गया है. नेशनल अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने टोल दरों में बढ़ोतरी की है और इसका असर दिल्ली से हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल आने जाने वालों की जेब पर पड़ेगा. चंडीगढ़ से दिल्ली तक टोल टैक्स में लोगों को और जेब ढीली करनी होगी.
दरअसल, करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के भी रेट बढ़ाए गए हैं. मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात से नए टोल रेट लागू कर दिए गए हैं. इस बढ़ोतरी के तहत कार, जीप, बस, ट्रक और अन्य व्यवसायिक वाहनों के टोल टैक्स में 5 से 30 रुपए तक की वृद्धि की गई है. नए रेट लागू होने के बाद वाहन चालकों को अब पहले से ज्यादा टोल देना पड़ेगा.
बसताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि एनएचएआई के निर्देशानुसार देशभर के टोल प्लाजा के रेट बढ़ाए गए हैं, इसके चलते बसताड़ा टोल के रेट भी संशोधित किए गए हैं. उन्होंने बताया कि सिंगल जर्नी के लिए कार और जीप चालकों को अब 200 रुपए और डबल जर्नी के लिए 295 रुपए देने होंगे. एलसीवी और एलजीवी वाहनों के लिए सिंगल जर्नी 320 रुपए और डबल जर्नी 480 रुपए तय की गई है. वहीं, बस और ट्रक के लिए सिंगल जर्नी 670 रुपए और डबल जर्नी 1005 रुपए लगेगी. थ्री एक्सल वाहनों के लिए 730 रुपए सिंगल और 1095 रुपए डबल जर्नी तय किए गए हैं.
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे- 52 पर थाना टोल प्लाजा में 3 महीने में दूसरी बार रेट बढ़े हैं. इससे पहले, 5 रुपए से लेकर 25 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी. हालांकि, इस बार लाइट मोटर व्हीकल (कार, जीप) के रेट में बढ़ोतरी नहीं हुई है. हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर नई दरें बढ़ाई गई हैं. झज्जर जिले के रोहद (मिल्क माजरा) टोल प्लाजा पर भी जेब ढीली करनी होगी.
मनाली की सफर हो जाएगा महंगा
इसके अलावा, पंजाब में आठ और हिमाचल में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने कीरतपुर मनाली फोरलेन पर भी टोल के दामों में इजाफा किया है. अब कीरतपुर नेरचौक मनाली फोलरेन पर बिलासपुर के गड़ामोड़ टोल प्लाजा पर एकतरफा 180 रुपये टोल चुकाना होगा. कीरतपुर मनाली फोरलेन पर मंडी जिले के सुंदरनगर में बलोह टोल प्लाजा में 1 अप्रैल को छोटे वाहनों के टोल टैक्स को 70 से 115 रुपये कर दिया गया था और 45 रुपये का इजाफा किया गया है. अब फिर से इजाफा हुआ है. गौर रहे कि इससे पहले एक अप्रैल को टोल के रेट हाईवे अथॉरिटी ने बढ़ाए थे.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें












