Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भव्य उद्घाटन करेंगे. इस सूची में अंबाला रेल मंडल के चार स्टेशन भी शामिल हैं. इसके अलावा, यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाते हुए पीएम मोदी दो नई ट्रेनों – ‘करतोली पंजाब-अंबाला कैंट पैसेंजर’ और ‘छेहरटा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाएंगे. इन ट्रेनों के शुरू होने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
अंबाला. भारतीय रेलवे लगातार अपने नेटवर्क और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटा है. इसी कड़ी में 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 75 नए तरीके से तैयार किए गए रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे. अंबाला रेल मंडल के तहत आने वाले चार स्टेशन भी इसमें शामिल हैं. इन स्टेशनों के नाम इस प्रकार हैं- साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), आनंदपुर साहिब, कालका और अंब अंदौरा. इसके अलावा दो नई ट्रेनों की भी सौगात मिलेगी. इससे हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के लोगों को यात्रा में काफी राहत मिल सकती है.
रेलवे की ओर से शुरू की जा रही नई ट्रेनों में करतोली पंजाब अंबाला कैंट पैसेंजर ट्रेन और छेहरटा वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस शामिल हैं. इन दोनों ट्रेनों को 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. शुरुआत में इन ट्रेनों का संचालन एक तरफ से किया जाएगा. इसके बाद रेलवे की ओर से इनका पूरा टाइम टेबल और रूट जारी किया जाएगा. साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि कौन सी ट्रेन किस दिन चलेगी.
ट्रेनों की डिटेल
- करतोली पंजाब-अंबाला कैंट पैसेंजर ट्रेन-
- यह गाड़ी रोजाना चलेगी.इसका रूट- करतोली पंजाब दौलतपुर चौक अंब अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद, राजपुरा और अंबाला सिटी होते हुए अंबाला कैंट है. इस ट्रेन की वजह से पंजाब और हिमाचल के कई शहर सीधे अंबाला कैंट से जुड़ जाएंगे.
छेहरटा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस
- ये गाड़ी सप्ताह में तीन दिन चलेगी.
- इसका रूट – छेहरटा, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर मुरादाबाद बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए वाराणसी है. इससे पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी.
डीसीएम यशनजीत ने क्या बताया?
अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत ने लोकल 18 से बातचीत में बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद, चंडीगढ़ और जालंधर में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे. जालंधर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के साथ ही अंबाला मंडल के चार अमृत भारत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे. इसी दिन दोनों नई ट्रेनों की भी शुरुआत होगी. वाराणसी जाने वाली ट्रेन फिलहाल ट्रायल के तौर पर चलाई जाएगी. जबकि करतोली पंजाब अंबाला कैंट पैसेंजर ट्रेन रोजाना अपने तय समय के अनुसार चलेगी.
डीसीएम यशनजीत बताते हैं इन ट्रेनों से जुड़ी पूरी जानकारी रेलवन ऐप पर उपलब्ध रहेगी. यात्री इस ऐप के जरिए ट्रेन का समय रूट और दूसरी जरूरी जानकारी आसानी से देख सकेंगे. रेलवन ऐप सिर्फ टिकट बुक करने के लिए नहीं है. इसके जरिए पीएनआर स्टेटस, लाइव ट्रेन की लोकेशन, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच की जानकारी भी मिल जाती है. इतना ही नहीं… अगर किसी यात्री को कोई परेशानी होती है तो वह ऐप पर शिकायत भी दर्ज कर सकता है और उसकी स्थिति भी देख सकता है. आसान इंटरफेस होने की वजह से बुजुर्ग यात्री भी इस ऐप का आसानी से इस्तेमाल कर पा रहे हैं. रेलवे का कहना है कि इस तरह की सुविधाओं से यात्रियों का सफर पहले से ज्यादा आसान और बेहतर होगा.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें












