फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. अब इसका चरण बदल चुका है. घर-घर जाकर BLO द्वारा Enumeration Form भरवाने और जमा कराने का काम 24 जुलाई 2026 को पूरा हो चुका है. पहले इसकी अंतिम तारीख 14 जुलाई थी, जिसे 10 दिन बढ़ाया गया था. इसके बाद 31 जुलाई को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो चुकी है. अब जिन लोगों के फॉर्म में कोई कमी रह गई है, उन्हें BLO फोन करके बुला रहे हैं या जरूरी दस्तावेज मांग रहे हैं. परिवार का कोई एक सदस्य भी दस्तावेज लेकर BLO के पास जा सकता है. सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को आ रही है, जिनका 2002 की पुरानी वोटर लिस्ट में डेटा नहीं मिल रहा है.
मिसमैच किया जा रहा ठीक
लोकल 18 से ज्योति शर्मा बताती हैं कि मैं 88 विधानसभा के 209 बूथ नंबर की BLO हूं. SIR का फॉर्म तो भर चुका है, लेकिन अब जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है. किसी के नाम में मिस्टेक है, किसी का डॉक्यूमेंट नहीं है या फिर 2002 की लिस्ट में नाम कुछ और था और अब स्पेलिंग में मिस्टेक है, तो उस मिसमैच को ठीक किया जा रहा है. जिन लोगों का 2002 में डेटा नहीं मिला था और जो नो लिंकज में गए थे, उनको अपने डॉक्यूमेंट के द्वारा SIR कंप्लीट करवाना है. इसलिए अपने डॉक्यूमेंट लेकर आने होंगे और अपने BLO को जमा करवाने होंगे. डॉक्यूमेंट के साथ उनकी फोटो और सेल्फी भी अपलोड होती हैं.
जिनका 2002 की लिस्ट में नाम नहीं, उनका क्या
ज्योति शर्मा बताती हैं कि सबसे ज्यादा दिक्कत जिनका 2002 में डेटा नहीं मिला है, उन फॉर्म में हो रही है. उस समय उनका डेटा नहीं मिला था, अब डॉक्यूमेंट के साथ SIR करवाना पड़ रहा है. कोई न कोई एक डॉक्यूमेंट जरूर मिल जाता है. जैसे किसी का जन्म 1987 से पहले हुआ है, उनको सिर्फ एक डॉक्यूमेंट लेकर जाना होगा. इसमें डेट ऑफ बर्थ सर्टिफिकेट, पासपोर्ट, मैट्रिक की कॉपी या फिर किसी रजिस्ट्री की कॉपी हो सकती है. 1987 से 2004 के बीच में जिनका जन्म हुआ है, उनको अपना भी डॉक्यूमेंट लेकर जाना है और अपने माता या पिता का भी डॉक्यूमेंट लेकर जाना है.
15 जून से लगातार काम
ज्योति शर्मा बताती हैं कि बैंक से जुड़े डॉक्यूमेंट समेत जो भी जरूरी कागजात उपलब्ध हैं, उन्हें लेकर लोग BLO के पास जा रहे हैं. इसी तरीके से जिन लोगों के फॉर्म में कमियां हैं, उनको फोन करके बुलाया जा रहा है. जिनमें जो कमियां हैं, उनको घर पर नोटिस देकर भी बताया जा रहा है. नोटिस पर समय भी लिखा होता है. सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक या नोटिस पर जो भी टाइमिंग लिखी हुई है, उसके अनुसार BLO के पास आना होता है. ज्योति के मुताबिक, कई बार जब वोटर घर पर नहीं मिलते हैं तो उनकी वजह से हम लोग शाम में भी आते हैं. हमारी एक भी दिन छुट्टी नहीं है, रोज हम लोग आ रहे हैं. संडे को तो और ज्यादा जरूरी हो जाता है, क्योंकि लोगों की छुट्टी होती है और उस दिन लोग घरों में रहते हैं. हम यही चाहते हैं कि जल्दी से जल्दी यह काम खत्म हो और जिन लोगों को फोन करके बुलाया जा रहा है, वह आएं और जो कमियां हैं, उनको दूर करें. मैं 15 जून से लगातार काम कर रही हूं.
नोटिस के बाद भी नहीं आने वाले होंगे परेशान
ज्योति शर्मा बताती हैं कि कुछ ऐसे भी लोग हैं कि नोटिस के बावजूद भी वनहीं आ रहे हैं. बार-बार फोन करना पड़ रहा है. वह लोग लापरवाही कर रहे हैं और बाद में उनको दिक्कत-परेशानी हो सकती है. उनका वोट कट जाएगा तो बाद में वह गलतियां हमारी देंगे कि BLO ने कुछ गलतियां छोड़ दीं, इसलिए हमारा वोट कट गया. जबकि गलती खुद कर रहे हैं. फॉर्म के लिए या किसी भी चीज के लिए हम बार-बार बुला रहे हैं, लेकिन फोन और नोटिस के बावजूद भी कुछ लोग नहीं आ रहे हैं.
हियरिंग डेट जारी, कमियां सुधारने का मौका
ज्योति शर्मा बताती हैं कि अभी हमें इसकी डेडलाइन तो नहीं दी गई है, लेकिन हियरिंग डेट हर किसी की इश्यू की जा रही है. फर्स्ट हियरिंग में मान लीजिए कोई व्यक्ति नहीं आ पा रहा है, तो उनको फिर सेकंड हियरिंग की डेट दी जाती है. इसलिए जिन लोगों को BLO की तरफ से फोन या नोटिस मिल रहा है, वह इसे गंभीरता से लें और समय पर जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें. SIR की प्रक्रिया में जो भी कमियां रह गई हैं, उनको दूर करने का काम लगातार किया जा रहा है.












