Last Updated:
करनाल के तरावड़ी थाने में एसीबी पानीपत की टीम ने रेड कर ASI अनुराग को रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा. आरोपी पर एक मुकदमे की जांच के दौरान 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है. टीम ने उसकी हुंडई वेन्यू कार से 40 हजार रुपये बरामद किए.
करनाल: करनाल जिले के तरावड़ी थाना परिसर में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पानीपत की टीम ने छापेमारी कर एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया. टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संजीव कुमार कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान एएसआई के कब्जे से 40 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मुकदमे की जांच के दौरान आरोपी एएसआई पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की.
दो दिन के पुलिस रिमांड पर था आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तरावड़ी थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 366 में गांव रमाना निवासी खुशप्रीत पुत्र परमजीत दो दिन के पुलिस रिमांड पर था. इस मुकदमे की जांच सहायक उपनिरीक्षक अनुराग कर रहे थे. आरोप है कि जांच के दौरान एएसआई अनुराग ने खुशप्रीत के परिजनों से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी.
पिता ने 40 हजार रुपये देकर की शिकायत
बताया जा रहा है कि खुशप्रीत के पिता परमजीत ने 40 हजार रुपये देने की तैयारी की. शनिवार को वह रुपये लेकर थाने पहुंचे. उन्होंने कथित तौर पर 40 हजार रुपये एक लोअर के अंदर रखकर जांच अधिकारी एएसआई अनुराग को दे दिए. इसके बाद एएसआई ने लोअर सहित नकदी अपनी हुंडई वेन्यू कार में रख ली.
गाड़ी से नकदी बरामद कर एएसआई को पकड़ा
जैसे ही एएसआई अनुराग थाने की तरफ जाने के लिए अपनी गाड़ी से निकले, इसी दौरान एसीबी पानीपत की टीम ने उन्हें काबू कर लिया. टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से लोअर सहित 40 हजार रुपये बरामद हुए. कार्रवाई के समय टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संजीव कुमार कर रहे थे.
मौके पर जारी थी एसीबी की कार्रवाई
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम मौके पर ही कार्रवाई में जुटी हुई थी. मामले में रिश्वत की मांग, रकम की बरामदगी और अन्य पहलुओं को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…












