Last Updated:
Hisar News: डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या मामले को लेकर सीएम कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है. बता दें कि मौत के 13 दिन बाद भी मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है. प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए ये प्रदर्शन किया था. वहीं लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.
हिसार में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, पत्थरबाजी शुरू
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले को लेकर हांसी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है. खापों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने का ऐलान किया था, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टरों के साथ हांसी पहुंचे. बता दें कि 13 दिन होने के बाद भी अभी तक मृतक डेयरी संचालक का दाह संस्कार नहीं किया गया है.
प्रदर्शनकारी राजकीय महाविद्यालय के गेट के पास इकट्ठा हुए और मुख्यमंत्री के विरोध में नारेबाजी करने लगे. प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल रहीं. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाने के लिए सीएम के कार्यक्रम का विरोध किया था.
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
बताया जा रहा है कि बरवाला रोड की तरफ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के गेट के बाहर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले.
प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव
लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी भड़क उठे और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया. इससे कई किसानों के सिर पर चोट आई है. इस पत्थरबाजी में SP-DSP समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. बता दें कि सीएम कार्यक्रम के एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था.
किसानों ने एक दिन पहले दी थी चेतावनी
बता दें कि हिसार के सूर्यनगर में गोबर डालने को लेकर हुए विवाद के बाद जीवन कुंडू नाम के युवक पर हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही किसान और खाप संगठन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि मामले में कार्रवाई में देरी से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है. इसी के चलते प्रदेशभर में टोल जाम कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का निर्णय लिया गया.
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. किसानों ने 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों को लेकर भी चेतावनी दी. किसानों ने कहा था कि यदि जीवन कुंडू हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री को झंडा फहराने नहीं देंगे और कार्यक्रमों का विरोध करेंगे.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें












